शिवपुरी। शिवपुरी की फिजिकल थाना पुलिस ने आज एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने तस्कर के पास से 106 ग्राम स्मैक सहित 52 हजार रुपए नकद बरामद किए है। पकडा गया तस्कर इससे पूर्व बैराड में स्मैक के साथ पकडा गया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी शिवपुरी में स्मैक की खेप खपाने आया था और शहर में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क से उसका सीधा संपर्क था।
मंगलवार को फिजिकल थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बड़ी मात्रा में स्मैक लेकर शहर में पहुंचा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कर्बला क्षेत्र के पास घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 106 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान रामनिवास उर्फ करुआ रावत निवासी पाटई, जिला ग्वालियर के रूप में हुई है। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना है। जब्त की गई स्मैक की कीमत 25 लाख रुपए बताई जा रही हैं।
पहले भी दर्ज हो चुका है मामला
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी करुआ रावत का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पिछले वर्ष बैराड़ थाने में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हो चुका है। इसके बावजूद वह नशे के कारोबार से जुड़ा रहा और इस बार बड़ी मात्रा में स्मैक के साथ पकड़ा गया।
52 हजार रुपए की नकदी ने बढ़ाए संदेह
आरोपी के पास से मिली 52 हजार रुपए की नकदी को लेकर पुलिस जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि यह रकम स्मैक की छोटी-छोटी पुड़ियों की बिक्री से प्राप्त हुई हो सकती है। पुलिस इस रकम के स्रोत और उसके उपयोग की जानकारी जुटा रही है।
सप्लायर राजेंद्र रावत की तलाश
फिजिकल थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ के अनुसार पूछताछ में यह जानकारी मिली है कि आरोपी को स्मैक उपलब्ध कराने में राजेंद्र रावत नामक व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। पुलिस अब उसकी तलाश में जुट गई है। साथ ही आरोपी के मोबाइल फोन को भी खंगाला जा रहा है ताकि नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।मोबाइल में मौजूद कॉल डिटेल, चैट और संपर्क नंबरों की जांच के जरिए पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।
बदल गया स्मैक तस्करी का रूट
पुलिस सूत्रों के अनुसार कुछ वर्ष पहले तक शिवपुरी जिले में स्मैक की सप्लाई मुख्य रूप से गुना जिले के कुंभराज और राजस्थान के रास्ते से होती थी। लेकिन हाल के महीनों में तस्करों ने अपना नेटवर्क बदल लिया है। अब ग्वालियर क्षेत्र नशे की खेप का प्रमुख वितरण केंद्र बनकर उभरा है। पिछले दिनों पकड़े गए कई स्मैक तस्करों के तार भी ग्वालियर से जुड़े पाए गए थे। ऐसे में पुलिस को उम्मीद है कि करुआ की गिरफ्तारी से ग्वालियर से शिवपुरी तक फैले नशा तस्करी नेटवर्क के कई अहम राज खुल सकते हैं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।