शिवपुरी। शिवपुरी जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पोहरी एसडीएम कार्यालय के रीडर श्याम सिंह दोहरे की पत्नी मनीषा दोहरे उम्र 40 साल की मौत हो गई, जबकि स्वयं श्याम सिंह दोहरे सहित चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसा शिवपुरी-झिरी मार्ग पर मुद्गल पेट्रोल पंप के पास उस समय हुआ, जब उनकी कार सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार पोहरी एसडीएम कार्यालय में पदस्थ रीडर श्याम सिंह दोहरे का हाल ही में भिंड जिले में तबादला हुआ था। शुक्रवार को वे जिला मुख्यालय शिवपुरी से कार्यमुक्त होने के बाद अपने परिवार और परिचितों के साथ कार से पोहरी लौट रहे थे। कार में उनकी पत्नी मनीषा दोहरे, एक परिचित शिक्षक, उनकी पत्नी तथा उनका मासूम बच्चा भी सवार था।
बताया जा रहा है कि शिवपुरी-पोहरी मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति के कारण उन्होंने झिरी मार्ग से जाने का निर्णय लिया। देर रात करीब 12:30 बजे जब उनकी कार मुदगल पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे जा भिड़ी। हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज शिवपुरी पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने सभी का उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल मनीषा दोहरे को बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं श्याम सिंह दोहरे सहित अन्य चार घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
शनिवार को मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद मनीषा दोहरे के शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हादसे का कारण मानी जा रही है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।