पीड़िता जया शर्मा के अनुसार पिछले करीब 10 महीनों से आरोपी लगातार उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके खिलाफ अपमानजनक और भ्रामक पोस्ट डाली जा रही थीं। इतना ही नहीं, आरोपी ने उनकी 7 वर्षीय बेटी और परिवार के अन्य सदस्यों को भी निशाना बनाते हुए अभद्र टिप्पणियां कीं।
जया शर्मा ने बताया कि इस पूरे विवाद की शुरुआत 18 जुलाई 2025 को हुई थी। उस दिन बदरवास निवासी प्रदीप कुमार जाटव अपने एक परिचित का जीएसटी पंजीयन कराने के लिए आवेदन लेकर उनके कार्यालय पहुंचा था। विभागीय प्रक्रिया और तकनीकी कारणों से आवेदन निरस्त कर दिया गया। आरोप है कि आवेदन खारिज होने के बाद प्रदीप ने नाराज होकर कहा कि इससे उसका 20 लाख रुपए का नुकसान हो गया है और अब इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा।
इसके बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट डालना शुरू कर दिया। महिला अधिकारी का आरोप है कि आरोपी ने उन्हें हत्यारिन जैसे शब्दों से संबोधित किया और उनकी छवि खराब करने की कोशिश की। आरोपी ने न केवल सोशल मीडिया बल्कि विभिन्न विभागों और शिकायत निवारण कार्यालयों में भी उनके खिलाफ शिकायतें भेजीं।
पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने वाट्सएप कॉल के माध्यम से एक करोड़ रुपए की मांग भी की। जया शर्मा का कहना है कि यह पूरा मामला सुनियोजित प्रतीत होता है और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता भी हो सकती है। उन्होंने पुलिस से पूरे नेटवर्क की जांच करने की मांग की है।
महिला अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने आरोपी को ब्लैकमेलिंग बंद करने और पुलिस कार्रवाई की चेतावनी दी, तो उसने उल्टा उन्हें झूठे एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी। आरोपी ने सोशल मीडिया पर उनकी नौकरी को लेकर भी सवाल खड़े किए और पुराने मामलों को जोड़कर पोस्ट साझा कीं।
कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने बताया कि जीएसटी विभाग की सहायक आयुक्त की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई करेगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।