कोलारस। कोलारस कस्बे में स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गया। सोमवार देर रात अज्ञात बदमाश ने मंदिर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ आया था और उसने पहले ही मंदिर परिसर में रहने वाले किरायेदार को कमरे में बंद कर दिया, ताकि कोई उसे देख या पकड़ न सके।
पहले बनाई रणनीति, फिर तोड़े ताले
जानकारी के अनुसार, आरोपी देर रात मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। सबसे पहले उसने किरायेदार के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद वह मंदिर के मुख्य शटर तक पहुंचा और वहां लगे दो मजबूत तालों को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इससे साफ है कि चोर ने पूरी वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया।
दानपात्र नहीं टूटा, तो गर्भगृह पहुंचा
मंदिर के अंदर घुसने के बाद आरोपी ने सबसे पहले दानपात्र को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाया। इसके बाद वह सीधे गर्भगृह तक पहुंच गया, जहां से उसने करीब 2 से 3 हजार रुपए की चढ़ोत्तरी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में आरोपी की गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
पुलिस जांच में जुटी
मंगलवार सुबह जैसे ही चोरी की जानकारी सामने आई, क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर कोलारस पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।