दिनारा। शिवपुरी जिले के करैरा अनुविभाग के दिनारा कस्बे में निवास करने वाले एक 22 साल के बीए के स्टूडेंट ने जहर गटककर सुसाइड कर लिया है। युवक ने सुसाइड नोट भी छोडा है। इसमे उसने अपनी मौत का जिम्मेदार कस्बे मे रहने वाले 3 सटोरियो को बताया है। युवक ने लिखा है कि उसे आईपीएल का सट्टा खिलवाया गया था और वह 5 लाख के कर्ज मे आ गया था। मृतक युवक घर का इकलौता चिराग था। जानकारी के अनुसार रेस्ट हाउस के पास दिनारा निवासी अमन भार्गव उम्र 22 साल पुत्र हेमंत भार्गव ने 3 मई को दोपहर 1 बजे जहर खा लिया। परिजन उसे इलाज के लिए झांसी ले गए। वहां शाम 6 बजे अमन ने दम तोड़ दिया। सोमवार को झासी मेडिकल पुलिस चौकी में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया। शाम को जब शव दिनारा पहुंचा, तो परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग थाने पहुंच गए।
परिजनो ने बताया कि अमन ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें कुछ लोगों के नाम लिखते हुए उन्हें अपनी स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि संबंधित लोग दूसरों को भी गलत रास्ते पर ले जा रहे हैं। परिजन सुसाइड नोट में नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। इस दौरान थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह कुशवाह ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन करेंरा एसडीओपी को मौके पर बुलाने की मांग करते रहे।
बाद में आईपीएस एवं एसडीओपी डॉ आयुष जाखड़ मौके पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा कर पूरी जानकारी ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रारंभिक कानूनी कार्रवाई झांसी में हुई है, इसलिए वहां से मर्ग डायरी मंगवाकर पूरे मामले की जांच की जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एसडीओपी के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और वापस लौट गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, वहीं इस घटना के बाद कस्बे में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।
मैं 5 लाख रुपए के कर्ज में हूं, मुझे सट्टा खिलाया गया है, 3 लोग जिम्मेदार
अमन ने अपने सुसाइड नोट मे लिखा है,मैं अमन भार्गव, जो भी कर रहा हूं, अपनी मर्जी से कर रहा हूं। मैं 5 लाख के कर्ज में हूं। मुझे सट्टा खिलाया गया है। शिवम यादव (दिनारा), राहुल राजपूत, चंदू यादव, इन लोगों ने मुझे सट्टा खिलाया है। मैं अपने घर वालों से बहुत प्यार करता हूं। मेरे घर वालों ने मेरा बहुत साथ दिया। हो सके तो मुझे माफ कर देना। मैं अपनी लाइफ में कुछ नहीं कर पाया। इसकी वजह से मैं मानसिक रूप से बहुत परेशान हो चुका हूं। मेरी इस हालत के जिम्मेदार ये तीनों हैं। ये तीनों बहुत मासूम बच्चों को बिगाड़ रहे हैं। हो सके तो मुझे माफ कर देना।
मृतक ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है जिसे जांच में लेंगे
युक्क ने जहर खाकर सुसाइड किया है। मृतक ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है जिसे जांच में लेंगे। सुसाइड नोट में जिन लोगों के नाम लिखे हैं, उनसे पूछताछ की जाएगी। नियम नियम अनुसार कार्रवाई करेंगे।
आयुष जाखड़ (आईपीएस), एसडीओपी, पुलिस अनुविभाग करैरा
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।