शिवुपरी। शिवपुरी शहर की सड़कें दोपहर मे आग का गोला बन जाती है,जो हवाए लोगो को राहत देती थी अब वह जला रही है,कुल मिलाकर दोपहर 12 के बाद सड़कों पर सन्नाटा और दुकाने सुनसान हो जाती है। मई के माह के बीच के दिनों में गर्मी अपना रौद्र रूप दिखाने लगी है। मौसम के पंडितो का कहना है कि रुको अभी ठहरो जरा,पारा अभी और बढेगा। इस कारण मौसम विभाग ने हीट वेव का यलो अलर्ट जारी कर दिया है। पारा अभी यही नहीं ठहरेगा ओर उछाल मारने की संभावना दिख रही है। खासकर आज से शुरू होने वाला सप्ताह और गर्म होने वाला है।
शिवपुरी शहर में रविवार को अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री, न्यूनतम 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा। 12 मई के बाद से जिले के मौसम में अचानक बड़ा बदलाव आया। पारा लगातार 40 डिग्री के पार बना हुआ है। हाल ही में 13 और 14 मई को तापमान क्रमशः 42.1 डिग्री, 42.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। ये इस सीजन के सबसे गर्म दिन रहे। पिछले दो सप्ताह के तापमान आंकड़ों का विश्लेषण करें, तो शिवपुरी में गर्मी ने कम समय में तेजी से रफ्तार पकड़ी है।
मई के शुरुआती हफ्ते का हालः महीने के पहले सप्ताह (1 से 7 मई) में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री से 39.4 डिग्री के बीच बना रहा। न्यूनतम तापमान 21 डिग्री से 25 डिग्री के आसपास रहा। रातें अपेक्षाकृत आरामदायक थीं। वैज्ञानिकों का कहना है कि दिन और रात के तापमान का अंतर लगातार कम हो रहा है। कुछ दिनों पहले पहले तक यह अंतर 14 डिग्री तक था। अब यह घटकर 10 डिग्री रह गया है। तापमान का यह कम अंतर हवा में उमस, भारीपन बढ़ाता है। इससे हीट वेव का असर इंसानी शरीर पर खतरनाक हो जाता है।
क्या होता है यलो अलर्ट और क्यों बढ़ी चिंता?
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, जब किसी मैदानी इलाके का अधिकतम तापमान लगातार 40°C या उससे अधिक बना रहे, वह सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा हो, तो हीट वेव की स्थिति बनती है। शिवपुरी में पिछले कुछ दिनों से औसत अधिकतम तापमान 40.2°C से ऊपर चल रहा है। दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुरुआती दिनों में न्यूनतम तापमान 2 तापमान 21.3 डिग्री था। यह बढ़कर 28.6 डिग्री से 28.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसका सीधा मतलब है कि अब रात में भी लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिल रही है।
सूनसान सडक और चौराहों पर सन्नाटा
पारा 40 के पारा होने पर शहर की सड़कें दिन मे सूनसान हो जाती है। रहवासी इलाकों में सन्नाटा छाने लगता है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। जूस की दुकानों एवं ठेलों पर लोगों की भीड़ लगी रहती है। शहरवासी शाम 7 बजे के बाद ही चौराहों पर घूमने जा रहे है, इस वजह से यहां सुबह के समय खाली रहने वाले माधव चौक, अस्पताल चौराहा एवं अन्य पब्लिक प्लेस शाम के समय लोगों की चलकदमी से भरे रहते हैं।
अस्पतालों में मरीजो की संख्या बढी
गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। खासकर बुखार, डिहाइड्रेशन और लू से प्रभावित मरीज अधिक पहुंच रहे है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में अभी तेज बारिश के कहीं कोई आसार दिखाई नहीं दे रहे हैं। पांच दिनों तक रहने वाले हीट वेव के बाद मौसम सामान्य होने की सम्भावना है।
डॉक्टर और प्रशासन की सलाह: दोपहर में निकलने से बचें
यलो अलर्ट को देखते हुए मौसम वैज्ञानिकों ने सलाह दी है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें। बाहर निकलते समय सिर, चेहरे को सूती कपड़े से ढककर रखें। शरीर में पानी की कमी न होने दें। ओआरएस घोल, नींबू पानी, या छाछ का सेवन करते रहें। चक्कर आने, उल्टी होने, या तेज सिरदर्द होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।