फरहान काजी @ रन्नौद। शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा की रन्नौद तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत विजयपुरा के सूखा राजापुर गांव में पेयजल संकट को लेकर शिवपुरी समाचार डॉट कॉम की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। गांव में पानी की भीषण किल्लत और गोवंश की मौत की खबर सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। जिम्मेदार अधिकारियों ने गांव पहुंचकर चौपाल लगाई और शासकीय नलकूपों पर किए गए कब्जों को हटवाने की कार्रवाई की।
Impact of Shivpuri Samachar: No More Drought in Sukha Rajapur
दरअसल, सूखा राजापुर गांव में पिछले कई दिनों से पानी की समस्या गंभीर बनी हुई थी। हालात इतने खराब हो चुके थे कि पानी के अभाव में गोवंश की मौत तक होने लगी थी। गांव के लोगों ने आरोप लगाया था कि गांव में मौजूद कई शासकीय नलकूपों पर दबंगों ने कब्जा कर रखा है और आम ग्रामीणों को पानी भरने तक नहीं दिया जा रहा।
मामले को लेकर गांव के प्रधान और ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा साझा की, जिसके बाद इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। खबर सामने आते ही जनपद पंचायत बदरवास और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम सक्रिय हुई। अधिकारी गांव पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के लिए चौपाल लगाई।
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि गांव में करीब आठ नलकूप हैं, जिनमें से कई पर कुछ दबंगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। ग्रामीणों की शिकायत सही मिलने पर अधिकारियों ने मौके पर ही कब्जा हटाने के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया और विवाद की स्थिति बनने लगी, लेकिन प्रशासन ने सख्ती दिखाई और कार्रवाई का भय दिखाते हुए शासकीय नलकूपों को मुक्त कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी की समस्या के कारण गांव में सूखे जैसे हालात बन गए थे। मवेशियों के लिए पानी तक उपलब्ध नहीं था और लोग दूर-दूर से पानी लाने को मजबूर थे। अब प्रशासन की कार्रवाई के बाद गांव में राहत की उम्मीद जगी है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि केवल कब्जा हटाना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
अब गांव के लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासनिक कार्रवाई के बाद हालात वास्तव में सुधरते हैं या कुछ समय बाद फिर से वही स्थिति पैदा हो जाएगी। फिलहाल गांव में पानी को लेकर बनी विकट स्थिति के बीच प्रशासन की यह कार्रवाई राहत भरी मानी जा रही है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।