शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के कोलारस अनुविभाग के इंदार थाना सीमा में खतौरा गांव में शनिवार-रविवार की रात एक दर्जन से अधिक बदमाश कपडा व्यापारी के घर में वारदात के इरादे से घर मे घुस गए,लेकिन व्यापारी की नीद टूट गई और उसने सबसे पहले घर मे लगे सीसीटीवी कैमरो की डिस्पले को चैक किया उसमे उनको बदमाश दिखाई दिए। व्यापारी ने तत्काल 112 को कॉल किया तत्काल पुलिस लोकेशन पर पहुंची,लेकिन पुलिस गाडी के हूटर की आवाज सुनकर बदमाश भाग गए।
जानकारी के मुताबिक ग्राम खतौरा निवासी कपड़ा कारोबारी मोहर सिंह कुशवाह रात करीब पौने चार बजे अचानक जाग गए। उन्हें कुछ अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डिस्प्ले चेक किया। स्क्रीन पर कुछ साफ दिखाई नहीं दे रहा था। शक गहराने पर उन्होंने बिना देर किए डायल-112 पर सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई। इसी बीच बदमाश घर के भीतर सक्रिय रहे। जब पुलिस वाहन का सायरन गांव में गूंजा तो बदमाशों में भगदड़ मच गई और वे दीवार फांदकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
कैमरे टेढ़े कर दिए, फिर घर में घुसे
घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। फुटेज में करीब 12 नकाबपोश बदमाश दिखाई दिए, जो रात 3:38 बजे घर में दाखिल हुए थे। बदमाशों ने सबसे पहले घर के सीसीटीवी कैमरों को टेढ़ा कर दिया, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। इसके बाद वे करीब 10 मिनट तक घर के अंदर घूमते रहे।
हालांकि बदमाश कोई बड़ी चोरी या लूट नहीं कर सके, लेकिन जाते-जाते वे कमरों के बाहर रखे दो जोड़ी जूते अपने साथ ले गए। ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय रहते पुलिस नहीं पहुंचती तो बदमाश बड़ी लूट या परिवार पर हमला भी कर सकते थे।
क्षेत्र में दहशत, ग्रामीणों ने उठाए सवाल
इस घटना के बाद खतौरा सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इंदार थाना क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में कई बड़ी चोरियां हो चुकी हैं। इनमें विधायक के भाई के घर हुई चोरी भी शामिल है, जहां से लाखों-करोड़ों रुपए का सोना, चांदी और नगदी चोरी हुई थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस अब तक इन मामलों का खुलासा नहीं कर सकी है। ऐसे में हथियारबंद गिरोह की दोबारा सक्रियता ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों को आशंका है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में कोई बड़ी आपराधिक वारदात हो सकती है।
जल्द पकड़ेंगे बदमाश
इंदार थाना प्रभारी का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में भी जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल गांव में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।