लवमैरिज का साइड इफैक्ट, बेटी की ससुराल मे मायको वालो का हमला, सबकुछ लूट ले गए

vikas
0
shivpuri news

शिवपुरी। प्यार में साथ जीने-मरने की कसमें खाने वाले एक प्रेमी जोड़े को शादी के बाद अब अपनी जान बचाने के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। शिवपुरी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे एक नवविवाहित जोड़े ने आरोप लगाया है कि प्रेम विवाह से नाराज युवती के परिजनों ने ससुराल में हमला कर घर का सामान तक उठा ले गए।

मामला इतना बढ़ गया कि नवदंपती को अपना गांव छोड़कर किराए के मकान में छिपकर रहने को मजबूर होना पड़ा है। पीड़िता ने एसपी से सुरक्षा और सामान वापस दिलाने की मांग की है।

आर्य समाज मंदिर में की थी शादी
जानकारी के अनुसार बदरवास तहसील के इंदार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दादूखेड़ी निवासी बबीता जाटव ने बताया कि उसने अपने प्रेमी सोनू जाटव पुत्र अशोक जाटव के साथ 27 जनवरी 2026 को ग्वालियर स्थित आर्य समाज संस्कृति संस्थान में विवाह किया था। बबीता का कहना है कि दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से बिना किसी दबाव के विवाह किया है। दोनों एक ही समाज से हैं और लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे।

हाईकोर्ट तक पहुंचा मामला
नवविवाहिता ने बताया कि विवाह के बाद सुरक्षा को लेकर उन्होंने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ में रिट याचिका भी दायर की थी। मामले में न्यायालय ने 20 फरवरी 2026 को आदेश भी पारित किया था। बबीता का कहना है कि इसके बावजूद उसके मायके पक्ष के लोग लगातार पति और ससुराल पक्ष को धमका रहे हैं।

झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पिता राजेश जाटव, चाचा विशन जाटव, ताऊ लखन जाटव, भाई संजीव, अनिल और अंकेश जाटव सहित परिवार के अन्य सदस्य लगातार पति सोनू जाटव को झूठे मामलों में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी दे रहे हैं। बबीता का कहना है कि परिवार ने कई बार डराने और दबाव बनाने का प्रयास किया ताकि वह पति का साथ छोड़ दे।

ससुराल में घुसकर तोड़फोड़ और सामान ले जाने का आरोप
नवविवाहिता ने आरोप लगाया कि 27 फरवरी 2026 को उसके मायके पक्ष के लोग जबरन उसके पति के घर में घुस गए। वहां उन्होंने तोड़फोड़ की, घर का सामान तहस-नहस कर दिया और जान से मारने का प्रयास किया। पीड़िता के अनुसार आरोपी ट्रैक्टर, पंजा मशीन, गेहूं, मक्का, बर्तन और अन्य घरेलू सामान तक अपने साथ ले गए। इतना ही नहीं, घर के दरवाजे तक उखाड़कर ले जाने का आरोप लगाया गया है।

फसल काट ली, घर पर कब्जा कर लिया
बबीता ने आरोप लगाया कि उसके ससुराल पक्ष की खेतों में खड़ी फसल तक काट ली गई और उसे बेचने की कोशिश की जा रही है। उसका यह भी कहना है कि आरोपी अब पति के घर में अवैध रूप से कब्जा कर रह रहे हैं और वहां भूसा भर रखा है। जिस घर में कभी परिवार रहता था, वह अब खाली और उजड़ा पड़ा है।

पुलिस पर भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप
पीड़िता का कहना है कि जब वे शिकायत लेकर इंदार थाने पहुंचे तो वहां उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। आरोप है कि पुलिस ने यह कहकर वापस भेज दिया कि “पहले लड़ाई-झगड़ा होकर आओ, फिर रिपोर्ट लिखेंगे। इससे परेशान होकर अब दंपती ने सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

डर के साये में जी रहा दंपती
बबीता का कहना है कि हालात इतने खराब हो चुके हैं कि वह अपने पति के साथ गांव छोड़कर अशोकनगर में किराए के मकान में रह रही है। नवदंपती ने आशंका जताई है कि उनके साथ या ससुराल पक्ष के लोगों के साथ कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने एसपी से सुरक्षा उपलब्ध कराने और पुलिस बल की मौजूदगी में उनका सामान वापस दिलाने की मांग की है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!