सीमांकन अधूरा छोड़ लौट गया पटवारी
जानकारी के अनुसार सकलपुर निवासी कौशलेन्द्र राजावत की बोर वाली जमीन का मंगलवार को सीमांकन होना था। इसके लिए पटवारी मौके पर पहुंचे थे। सीमांकन के दौरान दोनों पक्षों के लोग वहां मौजूद थे। बताया जा रहा है कि सीमांकन की प्रक्रिया के दौरान ही दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। इसी बीच पटवारी सीमांकन की कार्रवाई पूरी किए बिना ही मौके से वापस लौट गए। पटवारी के जाते ही विवाद और अधिक भड़क गया।
मोबाइल से वीडियो बनाना पड़ा भारी
कौशलेन्द्र राजावत का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके रिश्तेदार वीरेन्द्र राजावत गाली-गलौज करने लगे। माहौल बिगड़ता देख उनकी 13 वर्षीय बेटी यशिका राजावत अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने लगी। यही बात आरोपियों को नागवार गुजरी। आरोप है कि वीडियो बनते देख वीरेन्द्र राजावत गुस्से में आ गया और उसने कुल्हाड़ी उठाकर यशिका पर हमला कर दिया।
पैर, जांघ और हाथ में गंभीर चोटें
कुल्हाड़ी के वार से यशिका के पैर, जांघ, टखने और हाथ में गंभीर चोटें आईं। हमला इतना अचानक और तेज था कि बच्ची मौके पर ही चीखते हुए गिर पड़ी और उसके शरीर से तेजी से खून बहने लगा। घटना देखकर मौके पर मौजूद परिजन और ग्रामीण घबरा गए। परिवार के लोगों ने तत्काल बीच-बचाव कर बच्ची को आरोपियों से बचाया। इसके बाद घायल हालत में उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया।
रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना
ग्रामीणों के मुताबिक जमीन विवाद परिवार के भीतर का मामला है और दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं। लेकिन जिस तरह एक मासूम बच्ची पर हमला किया गया, उसने पूरे गांव को झकझोर दिया। गांव में दिनभर इस घटना की चर्चा होती रही। लोगों का कहना है कि जमीन के विवाद अब इतने हिंसक हो चुके हैं कि रिश्ते और इंसानियत दोनों पीछे छूटते जा रहे हैं।
तीन आरोपियों पर एफआईआर दर्ज
सतनवाड़ा थाना पुलिस ने घायल बच्ची के पिता कौशलेन्द्र राजावत की शिकायत पर आरोपी वीरेन्द्र राजावत, आदित्य राजावत और पुनीत राजावत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना के बाद से आरोपी पक्ष के कुछ लोग गांव से गायब बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।