शिवपुरी। शिवपुरी मे विक्रय से वर्जित जमीन के सौदों का बड़ा खेल चल रहा है,राजस्व के रिकॉर्ड मे हेराफेरी कर जमीनो का विक्रय किया जा रहा है। राजस्व के अधिकारी और कर्मचारी रिकॉर्ड मे किस प्रकार से हेराफेरी करते है यह दिनारा की जमीन से सबके सामने आ चुका है,ऐसा ही एक मामला अब बदरवास तहसील से मिल रहा है जहां विक्रय से वर्जित जमीन का नामांतरण तक हो चुका है। इस मामले की शिकायत कलेक्टर शिवपुरी अर्पित वर्मा से की हैं।
ग्राम तिलातिली निवासी देश राम सिंह यादव पुत्र इंद्रसेन यादव ने कलेक्टर शिवपुरी को दिए आवेदन में बताया कि ग्राम तिलातिली स्थित भूमि सर्वे नंबर 157/2 रकबा 0.8360 हेक्टेयर पूर्व से विक्रय से वर्जित की श्रेणी मे दर्ज है। यह भूमि वर्ष 1975 में पट्टे के माध्यम से आवंटित हुई थी और वर्ष 2020-21 तथा 2021-22 तक राजस्व रिकॉर्ड में रामस्वरूप पुत्र जोधाराम पंजाबी के नाम दर्ज रही।
फर्जी तरीके से नाम दर्ज कराने का आरोप
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2022-23 से उक्त भूमि सुशीलाबाई पत्नी शंकर सिंह यादव के नाम दर्ज हो गई, जबकि यह भूमि विक्रय के लिए प्रतिबंधित है। शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि आखिर किस आदेश, अनुमति या प्रक्रिया के तहत इस भूमि का नामांतरण किया गया। देश राम सिंह यादव का कहना है कि जिस भूमि का विक्रय ही नियमों के तहत प्रतिबंधित है, उसका दूसरे व्यक्ति के नाम पर दर्ज होना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने मामले में राजस्व अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।
धमकी देने का भी आरोप
शिकायतकर्ता ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि जब उन्होंने इस मामले को उठाने और जानकारी जुटाने का प्रयास किया तो उन्हें धमकाया गया। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि “अगर मामले को सार्वजनिक किया तो जान से मार देंगे। इस आरोप के बाद मामला केवल राजस्व विवाद तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि सुरक्षा और दबाव की आशंका भी सामने आने लगी है।
तहसील में पहले से चल रहा प्रकरण
आवेदन के अनुसार इस भूमि से संबंधित मामला तहसीलदार बदरवास न्यायालय में प्रकरण क्रमांक 0068/ब-121/2025-26 के रूप में दर्ज है, लेकिन शिकायतकर्ता का आरोप है कि अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीण ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि विक्रय निषेध भूमि का नामांतरण किन परिस्थितियों और किस अधिकार के तहत किया गया।
जनसुनवाई में उठ रहे लगातार भूमि विवाद
जिले की जनसुनवाई में इन दिनों जमीन, नामांतरण और पट्टों से जुड़े विवाद लगातार सामने आ रहे हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व रिकॉर्ड में बदलाव और प्रतिबंधित भूमि के नामांतरण को लेकर कई शिकायतें प्रशासन तक पहुंच रही हैं। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और जांच के बाद जमीन के नामांतरण को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।