शिवपुरी। जिले की करैरा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 194 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हुंडई क्रेटा कार भी जब्त की है। बरामद गांजे और वाहन सहित कुल माल की कीमत करीब 48 लाख रुपए आंकी गई है।
इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
मुखबिर की सूचना पर बनी रणनीति
करैरा एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ (आईपीएस) ने बताया कि प्रदेश सरकार और गृह मंत्री के निर्देश पर जिलेभर में नशा मुक्ति अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी विनोद छावई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिछोर-बामौर रोड की ओर से सिल्वर रंग की एक हुंडई क्रेटा कार में भारी मात्रा में अवैध गांजा लेकर दो लोग करैरा कस्बे की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और पाल कॉलोनी के पास घेराबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी।
फिल्मी अंदाज में पकड़ी गई कार
कुछ देर बाद पुलिस को मुखबिर द्वारा बताए गए नंबर की सिल्वर रंग की क्रेटा कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। अचानक पुलिस को सामने देखकर कार सवार घबरा गए, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी के दौरान कार में बैठे आरोपियों ने अपने नाम नीरज राय निवासी राय मोहल्ला टीला करैरा और मानसिंह विश्वकर्मा निवासी नयाताल टीला करैरा बताए।
सात बोरियों में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा
जब पुलिस ने कार की गहन तलाशी ली तो पीछे की सीट और डिक्की में सात प्लास्टिक की बोरियां रखी मिलीं। बोरियों को खोलने पर उनमें सफेद पॉलीथिन पैकेट भरे हुए मिले। प्रत्येक बोरी में 28 पैकेट रखे गए थे। पैकेटों की जांच करने पर उनमें सूखी पत्तियां और गांजा मिला। पुलिस ने मौके पर वजन कराया तो कुल 194 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की बाजार कीमत करीब 38 लाख रुपए आंकी गई है, जबकि जब्त क्रेटा वाहन सहित कुल माल की कीमत लगभग 48 लाख रुपए बताई गई है।
लाइसेंस नहीं दिखा सके आरोपी
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी गांजा होने की बात स्वीकार करते रहे, लेकिन उसके परिवहन और खरीद-बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। करैरा थाने में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 346/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
दतिया से जुड़ा नशे का नेटवर्क
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह गांजे की खेप दतिया जिले के बसई निवासी रूप सिंह लोधी से खरीदकर ला रहे थे। पुलिस अब रुप सिंह लोधी और उससे जुड़े नेटवर्क की तलाश में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह मामला केवल स्थानीय तस्करी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे बड़ा सप्लाई नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। इसी कारण पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में लगी है कि गांजा कहां सप्लाई किया जाना था और इस धंधे में और कौन-कौन शामिल है।
दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नीरज राय के खिलाफ पहले भी मारपीट, धमकी और आबकारी एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। वहीं मानसिंह विश्वकर्मा पर भी आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हो चुका है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।