शिवपुरी में दाम बढने के साथ ही डीजल-पेट्रोल पर लगी लिमिट, पढिए जानकारी से भरी खबर

vikas
0
shivpuri news

शिवपुरी।
देशभर में पेट्रोल और डीजल की संभावित कमी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कई राज्यों से पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों और शॉर्टेज की खबरें सामने आने लगी हैं। फिलहाल शिवपुरी में हालात सामान्य दिखाई दे रहे हैं, लेकिन पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि यदि स्थिति इसी तरह बनी रही तो आने वाले दिनों में यहां भी संकट गहरा सकता है। बढ़ती कीमतों, सप्लाई में बदलाव और कंपनियों की नई भुगतान व्यवस्था ने बाजार में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

शिवपुरी पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष समीर गांधी ने बताया कि पहले तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल क्रेडिट व्यवस्था पर भेज देती थीं। पंप संचालक बाद में भुगतान कर देते थे, जिससे सप्लाई सुचारू बनी रहती थी। लेकिन अब कंपनियों ने एडवांस भुगतान की व्यवस्था लागू कर दी है। यानी पहले राशि जमा करनी होगी, उसके बाद ही पेट्रोल-डीजल की सप्लाई मिलेगी। इस बदलाव ने छोटे और मध्यम पंप संचालकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

समीर गांधी के अनुसार पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही सप्लाई की लिमिट भी तय कर दी गई है। अब एक बार में केवल 5 हजार रुपए तक का पेट्रोल और 200 लीटर तक डीजल दिए जाने की सीमा तय होने की बात सामने आई है। उनका कहना है कि जब पंप संचालकों को सीमित मात्रा में माल मिलेगा तो बाजार में इसकी उपलब्धता प्रभावित होगी और धीरे-धीरे शॉर्टेज की स्थिति बन सकती है।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल केवल वाहन चलाने का साधन नहीं हैं, बल्कि पूरी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। लंबी दूरी से आने वाला हर सामान ट्रांसपोर्ट पर निर्भर करता है। ऐसे में यदि डीजल महंगा होगा या उसकी कमी होगी, तो फल-सब्जी, राशन, दूध, निर्माण सामग्री और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी बढ़ना तय है। इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा।

समीर गांधी ने आशंका जताई कि यदि कंपनियों के पास ही पेट्रोल-डीजल की आवक कम हो रही है, तो आने वाले समय में आम जनता को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि उन्होंने खुलकर किसी बड़े संकट की पुष्टि नहीं की, लेकिन उनके बयान से यह संकेत जरूर मिला कि भविष्य में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

उन्होंने मौजूदा स्थिति की तुलना कोरोना काल से करते हुए कहा कि उस समय लोगों में बीमारी और मौत का डर जरूर था, लेकिन आवश्यक वस्तुएं बाजार में उपलब्ध थीं। अब जो स्थिति बनती दिखाई दे रही है, उसमें पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस जैसी बुनियादी जरूरतों की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। यदि ऐसा हुआ तो महंगाई तेजी से बढ़ेगी और लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़ सकता है।

फिलहाल शिवपुरी में पेट्रोल पंपों पर सामान्य तरीके से बिक्री जारी है, लेकिन बाजार में फैल रही चर्चाओं और बदलती सप्लाई व्यवस्था ने व्यापारियों के साथ-साथ आम लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!