शिवपुरी, 3 स्टार टैटू से खुला खंडहर मे मिली 4 दिन पुरानी लाश का राज

vikas
0
shivpuri samachar

शिवपुरी।
शिवपुरी शहर के पुराने बस स्टैंड परिसर स्थित पुराने आरटीओ ऑफिस के खंडहर में मिली सड़ी हुई लाश आखिरकार चार दिन बाद पहचान में आ गई। जिस शव को पुलिस अज्ञात मानकर जांच कर रही थी, वह संजय कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय विशाल रजक का निकला।

इस पूरी घटना की सबसे दर्दनाक बात यह रही कि विशाल घर से अपना मोबाइल फोन छोड़कर निकला था। मोबाइल लॉक होने के कारण परिवार उससे संपर्क नहीं कर सका और चार दिन तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।

खंडहर से आ रही थी बदबू, तब चला पता
शनिवार शाम को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि पुराने बस स्टैंड परिसर में स्थित जर्जर आरटीओ ऑफिस के खंडहर से तेज बदबू आ रही है। पुलिस मौके पर पहुंची तो अंदर एक युवक का शव पड़ा मिला।

शव बुरी तरह सड़ चुका था और चेहरा पहचानने लायक नहीं बचा था। पुलिस ने आसपास के थानों में गुमशुदगी की जानकारी जुटाई, लेकिन शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी।

काम पर जा रहा हूं… कहकर निकला था विशाल
मृतक के पिता नंदकिशोर रजक ने बताया कि विशाल गुरुवार को घर से काम पर जाने की बात कहकर निकला था। वह मकानों में पुट्टी का काम करता था। जब रात तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के यहां तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली।

परिवार ने बताया कि विशाल का मोबाइल फाइनेंस पर लिया गया था। किस्तें जमा नहीं होने के कारण मोबाइल लॉक हो गया था, इसलिए वह मोबाइल घर पर ही छोड़ गया था। यही वजह रही कि परिवार उससे संपर्क नहीं कर पाया।

टैटू और बाली बने पहचान का सहारा
शनिवार को मिले शव की पहचान होने में पूरे चार दिन लग गए। सोमवार को विशाल की मां और भाई कोतवाली पहुंचे। उन्होंने शव के हाथ पर बने तीन स्टार वाले टैटू और कान की बाली देखकर अंदेशा जताया कि यह विशाल हो सकता है।

हालांकि शव की हालत इतनी खराब थी कि परिवार पूरी तरह आश्वस्त नहीं हो पाया। मंगलवार को पिता नंदकिशोर रजक पहुंचे। उन्होंने हाथ के टैटू, कान की बाली और कपड़ों के आधार पर पुष्टि की कि शव उनके बेटे विशाल का ही है।

मौत कैसे हुई ? अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के मुताबिक शव पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी रहस्य बना हुआ है। कोतवाली पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही पहचान पूरी तरह सुनिश्चित करने के लिए डीएनए जांच भी कराई जा रही है।

अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। वहीं शहर में यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर विशाल खंडहर तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन हालात में हुई।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!