शिवपुरी। शिवपुरी की झुलसाती गर्मी में रोजी-रोटी की तलाश में घर से निकलने वाला मजदूर सबसे ज्यादा तपती सड़कों और इंतजार की मार झेलता है। दोपहर की आग उगलती धूप में कभी तांगा स्टैंड पर, कभी चौक-चौराहों पर काम मिलने की आस में बैठे इन मेहनतकश लोगों के लिए अब राहत की खबर है। शिवपुरी में मध्य प्रदेश का पहला नेट जीरो कूलिंग स्टेशन बनने जा रहा है, जहां बिना एसी के प्राकृतिक ठंडक मिलेगी और मजदूर वर्ग को कुछ पल चैन से बैठने का सहारा मिलेगा।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने समाज के उस अंतिम व्यक्ति की जरूरत को समझा, जो दिनभर मेहनत की तलाश में भटकता है और जिसे सबसे ज्यादा जरूरत एक छांव, ठंडे पानी और थोड़े आराम की होती है। जयपुर मॉडल से प्रेरित होकर शिवपुरी में यह अनोखा नवाचार शुरू किया जा रहा है।
माधव चौक और तांगा स्टैंड क्षेत्र में बनने वाला यह कूलिंग स्टेशन पूरी तरह प्राकृतिक तकनीक पर आधारित होगा। यहां खस की टट्टियाँ और वेंटिलेशन तकनीक के जरिए बिना एसी के ठंडक तैयार की जाएगी। खास बात यह है कि यहां आने वाले मजदूरों को सिर्फ ठंडी हवा ही नहीं, बल्कि पीने का पानी, रेडियो, समाचार पत्र और पत्रिकाएं भी मिलेगी, ताकि तपती दोपहर के बीच उन्हें कुछ पल सुकून और मनोरंजन दोनों मिल सके।
नगर पालिका सीएमओ ईशांक धाकड़ के मुताबिक 12×15 फीट क्षेत्र में बनने वाला यह स्टेशन अगले 7 दिनों में तैयार हो जाएगा। करीब 2 से 2.30 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस केंद्र में एक बार में 20 से 30 लोग बैठ सकेंगे। इसे स्व-सहायता समूह के माध्यम से संचालित किया जाएगा और महज 1 रुपए प्रति घंटे की दर पर लोगों को यहां ठहरने की सुविधा मिलेगी।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा कि भीषण गर्मी में मजदूर वर्ग को राहत देने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है। वहीं सीएमओ ईशांक धाकड़ ने बताया कि तांगा स्टैंड के पास जगह चिन्हित कर ली गई है और यह मध्य प्रदेश का पहला नेट जीरो कूलिंग स्टेशन होगा।
शिवपुरी में यह पहल सिर्फ एक निर्माण नहीं, बल्कि उस वर्ग के लिए संवेदनशील सोच का उदाहरण बन रही है, जो हर दिन मेहनत के भरोसे जीवन चलाता है। अब शहर की तपती दोपहर में मजदूरों को भी मिलेगा ठंडक, आराम और सम्मान का एहसास भी मिलेगा।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।