करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा अनुविभाग के अमोला थाना सीमा में टीला रोड पर स्थित जहर बनाने वाली फैक्ट्री पर प्रशासन का पीला पंजा चल गया। इस पंजे ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाई गई इमारत को जमदौज कर दिया है। इस फैक्ट्री मे प्रशासन ने नकली गुटका बनाने की फैक्ट्री पकडी थी। इमारत तो गिर गई लेकिन जहर बनाने वाले इस कारोबारी के गिरहेवान तक पहुंचने मे प्रशासन फिलहाल नाकाम है,इस फैक्ट्री को कौन संचालित कर रहा था यह अभी तक अज्ञात है। रेड से लेकर ध्वस्तीकरण तक का सफर
इस कार्रवाई की नींव 24 अप्रैल को रखी गई थी, जब करैरा एसडीएम अशोक निंगवाल और एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ की संयुक्त टीम ने टीला रोड और अमोला क्रमांक-2 में संचालित अवैध गुटखा फैक्ट्रियों पर अचानक छापा मारा था। उस समय मौके से भारी मात्रा में नकली गुटखा और निर्माण सामग्री बरामद की गई थी। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग (Food & Safety Department) ने तत्काल सैंपलिंग की कार्रवाई पूरी की थी।
जांच में हुआ अतिक्रमण का खुलासा
छापेमारी के बाद एसडीएम करैरा ने मामले की गहराई से जांच के आदेश दिए थे। राजस्व विभाग द्वारा फैक्ट्री के भू-अधिकार दस्तावेजों की सूक्ष्मता से जांच की गई और जमीन का सीमांकन (Demarcation) करवाया गया। जांच रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि जिस इमारत में अवैध गुटखे का काला कारोबार चल रहा था, उसकी नींव ही सरकारी जमीन को दबाकर रखी गई थी।
10 दिन में पूरी हुई कानूनी प्रक्रिया
प्रशासन ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए महज 10 दिनों के भीतर राजस्व न्यायालय की सभी कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण कीं। सोमवार को भारी पुलिस बल और राजस्व अमले के साथ प्रशासन टीला रोड पहुंचा। वहां दो जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध रूप से खड़ी की गई फैक्ट्री की इमारत को मिट्टी में मिला दिया गया।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम अशोक निंगवाल ने स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कारोबार या सरकारी जमीन पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, नियमों की अनदेखी कर सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई उन सभी के लिए सबक है जो कानून को चुनौती देते हैं।
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।