शिवपुरी। कॉकरोज जनता पार्टी की शोसल पर बढती लोकप्रियता के कारण भारतीय जनता पार्टी ने अपना मेघा सोशल इंजीनियरिंग प्लान बनाया है। यह सभी जानते है कि डिग्री धारी बेरोजगार युवको का सोशल पर यह समूह देश की सरकार के खिलाफ गुस्सा प्रकट कर रहा है। इस गुस्से को शांत करने के लिए भाजपा अब नई रणनीति बनाकर उस पर काम करना शुरू कर दिया है। हालाकि भाजपा के नेता कॉकरोज पर अपनी कोई प्रतिक्रिया नही दे रहे है लेकिन युवा का गुस्सा भाजपा को नुकसान कर सकता है,इसलिए अब भाजपा 5 जून से 21 जून तक जिलेभर में किसानों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और विशिष्ट नागरिकों से सीधे संवाद के लिए कई कार्यक्रम आयोजित करेगी।
बीते रोज भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन शहर के होटल नक्षत्र में किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर मौजूद रहे। उन्होंने संगठन की आगामी कार्ययोजना रखते हुए कार्यकर्ताओं से हर वर्ग तक पहुंच बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी डॉ. नंद किशोर नापित, जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव, कोलारस विधायक महेंद्र यादव, पूर्व विधायक नरेन्द्र बिरथरे, किसान मोर्चा अध्यक्ष विपिन खेमरिया सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की।
किसानों और सामाजिक संस्थाओं पर रहेगा विशेष फोकस
भाजपा की इस रणनीति में किसानों और सामाजिक संगठनों को प्रमुखता दी गई है। 5 जून से 21 जून तक “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही जागरूक किसानों के सम्मेलन भी होंगे, जिनमें प्राकृतिक खेती और कृषि नवाचारों पर चर्चा की जाएगी। पार्टी का मानना है कि खेती, पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से गांव और ग्रामीण समाज के बीच मजबूत संवाद स्थापित किया जा सकता है।
मीडिया संवाद से संदेश पहुंचाने की तैयारी
भाजपा ने मीडिया के माध्यम से अपनी योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की भी रणनीति बनाई है। इसके तहत 11 और 12 जून को मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें पार्टी के वरिष्ठ नेता पत्रकारों से चर्चा करेंगे और विभिन्न योजनाओं पर जानकारी साझा करेंगे।
गांवों में लगेंगे जनकल्याण शिविर
ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान और योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए 12 जून से 18 जून तक जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। भाजपा इसे गांव स्तर पर संगठन और सरकार के बीच सेतु बनाने की पहल मान रही है।
विशिष्ट जनों और युवाओं से संवाद
15 जून से 18 जून तक जिले में सभागार बैठकों का आयोजन होगा, जिनमें समाज के विशिष्ट और प्रभावशाली लोगों से संवाद किया जाएगा। पार्टी का उद्देश्य सामाजिक नेतृत्व को साथ जोड़ना बताया जा रहा है।
इसके अलावा युवाओं को जोड़ने के लिए 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिले के सभी मंडलों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा नेताओं का मानना है कि योग और स्वास्थ्य के माध्यम से युवाओं के बीच सकारात्मक संदेश जाएगा।
केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व भी होगा शामिल
भाजपा की इस पूरी श्रृंखला में केंद्रीय और राज्य मंत्री, सांसद, विधायक तथा प्रदेश पदाधिकारी भी शामिल होंगे। पार्टी इसे संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा मान रही है। कार्यशाला में स्वागत भाषण जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव ने दिया, जबकि संचालन महामंत्री योगेंद्र रघुवंशी ने किया। अंत में जिला उपाध्यक्ष पवन लोधी ने आभार व्यक्त किया।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।