शिवपुरी। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को एक काले रंग के आवारा कुत्ते ने शहर के अलग-अलग इलाकों में दहशत फैला दी। सबसे दर्दनाक घटना महल के पीछे स्थित लक्ष्मीबाई कॉलोनी रोड पर हुई, जहां घर के बाहर खेल रही ढाई साल की मासूम बच्ची पर कुत्ते ने अचानक हमला बोल दिया। कुत्ते ने बच्ची के चेहरे को अपने जबड़ों में जकड़ लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मासूम की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग दौड़े और काफी मशक्कत के बाद उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीबाई कॉलोनी निवासी मोहित कुशवाह की ढाई वर्षीय बहन निकिता घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान एक काला आवारा कुत्ता अचानक उसकी ओर दौड़ा और उस पर झपट पड़ा। देखते ही देखते कुत्ते ने बच्ची के मुंह को अपने जबड़ों में दबोच लिया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बच्ची को बचाने पहुंचे एक युवक को भी कुत्ते ने काट लिया।
फ्रूट मंडी से लक्ष्मीबाई कॉलोनी तक मचाया आतंक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह कुत्ता सबसे पहले ठंडी सड़क स्थित फ्रूट मंडी पहुंचा था। वहां उसने फल व्यापारी रहीश राइन पर हमला कर उनके हाथ में काट लिया। व्यापारी के शोर मचाने पर कुत्ता वहां से भाग निकला।
इसके बाद कुत्ता लक्ष्मीबाई कॉलोनी पहुंचा और मासूम निकिता को अपना शिकार बना लिया। लोगों ने जैसे-तैसे उसे भगाया, लेकिन उसका आतंक यहीं नहीं रुका।
राहगीर को भी बनाया निशाना
कुछ देर बाद यही कुत्ता विजयपुरम निवासी बलराम सिंह रावत पर टूट पड़ा। बलराम सिंह ने बताया कि वह लक्ष्मीबाई कॉलोनी रोड से गुजर रहे थे, तभी कुत्ता अचानक उनकी ओर दौड़ा। पहले वह एक कार से टकराया और फिर उनके हाथ में काटकर भाग गया।
सीसीटीवी में कैद हुआ हमला
बताया जा रहा है कि कुत्ते के हमले की घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में कुत्ते की आक्रामक हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है और नगर पालिका से आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग तेज हो गई है।
लोगों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
लगातार बढ़ रहे डॉग बाइट मामलों को लेकर नागरिकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन उन्हें पकड़ने के लिए कोई प्रभावी अभियान नहीं चलाया जा रहा। मासूम बच्ची पर हुए हमले के बाद अब स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।