शिवपुरी। मध्य प्रदेश राज्य एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 का आयोजन 26 अप्रैल को शिवपुरी जिला मुख्यालय पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किया जाएगा। परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी। पहला सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2:15 बजे से शाम 4:15 बजे तक चलेगा। परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
इस बार परीक्षा के लिए शहर में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हजारों परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रमुख केंद्रों में शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय आदर्श नगर, महारानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1, सरस्वती विद्यापीठ, इंदिरा गांधी कन्या महाविद्यालय, हैप्पी डेज स्कूल और शासकीय पीजी कॉलेज सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। मोबाइल, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस जैसे गैजेट्स ले जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इतना ही नहीं, परीक्षार्थियों को जूते-मोजे पहनकर आने की भी अनुमति नहीं होगी। उन्हें चप्पल पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। धार्मिक वस्तुएं जैसे ताबीज, कलावा, पगड़ी या हिजाब पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों की भी गहन जांच की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो सके।
केवल ये सामान ही रहेगा मान्य
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को केवल आवश्यक दस्तावेज और सीमित सामग्री ले जाने की अनुमति होगी। इसमें ई-प्रवेश पत्र, वैध फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट आदि), काला बॉल पेन, पारदर्शी पानी की बोतल और आवश्यक होने पर फोटो शामिल हैं।
स्टेशनरी से जुड़े अन्य सामान जैसे पेंसिल, इरेजर, व्हाइटनर, स्केल आदि प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा बेल्ट, सनग्लासेस, पर्स, टोपी और किसी भी प्रकार की लिखित सामग्री ले जाना भी वर्जित रहेगा।
अधिकारियों की नियुक्ति
परीक्षा के सफल संचालन के लिए आयोग द्वारा सेवानिवृत्त आईएएस शेखर वर्मा को संभागीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला को प्रशासनिक ऑब्जर्वर (परीक्षा प्रभारी) और डिप्टी कलेक्टर मोतीलाल अहिरवार को परीक्षा प्रभारी अधिकारी बनाया गया है।
कंट्रोल रूम से मिलेगी मदद
परीक्षा से संबंधित किसी भी समस्या या जानकारी के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय शिवपुरी में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम प्रभारी मुकद भार्गव को नियुक्त किया गया है, जिनका संपर्क नंबर 9329090433 जारी किया गया है। परीक्षार्थी आवश्यकता पड़ने पर यहां संपर्क कर सकते हैं।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।