शिवपुरी। जिले भर में पिछले 24 घंटों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घटित हुए पांच सड़क हादसों में विधायक प्रतिनिधि सहित तीन लोगों की मौत हो गई। एक हादसे में मजदूर की मौत को परिजनों ने हत्या बताते हुए चक्का जाम कर दिया। वहीं एक ट्रैक्टर पलटने से तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन के प्रतिनिधि महेश लोधी बुधवार की देर रात अपनी बाइक पर सवार होकर करैरा स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान करैरा-सिल्लापुर रोड पर राम मंदिर के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। बाइक से गिरने के बाद विधायक प्रतिनिधि काफी दूर तक फिसलते हुए चले गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए करैरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, वहां से उनको झांसी रेफर कर दिया। झांसी में डॉक्टरों ने महेश लोधी को मृत घोषित कर दिया।
झाड़ी में मिला मजदूर का शव
नरवर थाना अंतर्गत कस्बे में निवासरत अरविंद पुत्र शिव सिंह कुशवाह उम्र 19 साल गुरुवार की सुबह 9 बजे अपने घर से मजदूरी के लिए निकला था। रास्ते में उसे पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह फिक कर एक झाड़ी में जा गिरा। हादसे में मजदूर की मौत हो गई। मृतक के स्वजन का आरोप था कि अरविंद की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंका गया है। मृतक के पीएम उपरांत जब स्वजन शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्होंने लोढ़ी माता मंदिर के पास शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने करीब दो घंटे तक चक्का जाम किया। शाम छह बजे समझाइश के बाद बड़ी मुश्किल से परिजनों ने चक्का जाम हटाया।
मामा के घर से लौटते समय युवक की मौत
तीसरा हादसा देहात थाना अंतर्गत ग्राम पिपरसमा के पास गुरुवार की सुबह उस समय हुआ जब 25 वर्षीय युवक अंकेश धाकड़ निवासी ऊंची बरौद, अपनी स्कूटी पर सवार होकर पिपरसमा में रहने वाले अपने मामा के घर से वापस ऊंची बरौद जा रहा था। बताया जा रहा है कि पिपरसमा मंडी के पास एक ट्रैक्टर-ट्राली के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए रोड पर चक्काजाम कर दिया।
..और बांस लूट ले गए ग्रामीण
कोलारस थाना क्षेत्र के बैरसिया रोड क्रॉसिंग पर एनएच-46 पर बुधवार रात झांसी से गुना की ओर जा रहा एक आयशर ट्रक पुलिया से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद सुबह होते ही आसपास के ग्रामीण ट्रक में भरे बांस को लूटकर ले गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
वहीं दूसरी घटना बूढ़ा डोंगर के पास एनएच-46 पर गुरुवार दोपहर हुई, जहां एक कंटेनर अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। इस हादसे में चालक को मामूली चोट आई है। इसी क्रम में एक अन्य हादसे में धुरवार गांव से टेंट का सामान ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर इदार गांव ले जाया रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर बिजरौनी गांव के पास नदी पर बनी पुलिया से नीचे उतरा, चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर पलट गया। ट्रैक्टर पर सवार तीन लोगों को चोटें आई हैं।
%20(1).webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।