किसी भी कहानी में सार और संदेश होना जरूरी: जाहिद खान

Updesh Awasthee
करैरा। मध्यप्रदेश प्रगतिशील लेखक संघ इकाई करैरा द्वारा बीते दिवस कस्बे में श्कहानी उत्सवश् का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पहले स्कूली बच्चों के लिए कहानी पर एक कार्यशाला आयोजित की गई जिसमें बच्चों को यह बतलाया गया कि कहानी कैसे लिखी जाती है और फिर उसके बाद कहानी प्रतियोगिता हुई। 

जिसमें करैरा तहसील के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 81 बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने निर्धारित समयावधि में अपनी कहानी तैयार करके प्रस्तुत की। जिनकी जाँच चयन समिति द्वारा की जाएगी तथा उत्कृष्ट तीन कहानियों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल सभी छात्रों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। पुरस्कार वितरण गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के अवसर पर स्थानीय सीता सेंट्रल स्कूल में दोपहर 4 बजे किया जाएगा। 

कार्यशाला में बच्चों को कहानी लेखन के गुर बतलाते हुए लेखक, समीक्षक जाहिद खान ने कहा यदि किसी कहानी में कोई संदेश नहीं है, वह हमें सोचने को मजबूर नहीं करती तो वह कहानी नहीं है। कहानी हमारे आस-पास बिखरी पड़ी हैं, बस जरूरत संवेदनशील दृष्टि की है। भारत ज्ञान विज्ञान समिति के जिलाध्यक्ष डॉ आरके श्रीवास्तव ने कहा कि कहानी हमें संवेदनशील बनाती है। 

कहानी के माध्यम से बच्चे वह बातें सीख जाते हैं जो बड़ी बड़ी किताबें उन्हें नहीं सिखा पातीं। केंद्रीय विद्यालय शिवपुरी के शिक्षक कवि, कहानीकार डॉ रामचंद्र चौधरी ने बड़े ही सरल शब्दों में बच्चों को कहानी विधा के बारे में बतलाते हुए कहा हर बच्चा कहानी लिख सकता है बस जरूरत ईमानदार कोशिश करने की है। 

कार्यशाला में सृजन संस्था के केन्द्रीय संरक्षक सुरेश बन्धु, सृजन संस्था के केन्द्रीय अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता भारती,मध्यप्रदेश प्रगतिशील लेखक संघ इकाई करैरा के उपाध्यक्ष प्रभुदयाल शर्मा, मध्यप्रदेश प्रगतिशील लेखक संघ करैरा इकाई के सचिव डॉ ओमप्रकाश दुबे, केंद्रीय विद्यालय करैरा के शिक्षक ब्रजेश कुमार ने भी विद्यार्थियों को संक्षिप्त में कहानी कैसे लिखी जाती है बतलाया। 

कार्यक्रम में प्रतिभागी विद्यार्थियों के अलावा बड़ी तादात में कस्बे के साहित्यकार और ब़ुद्धिजीवी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन प्रगतिशील लेखक संघ के अध्यक्ष सतीश श्रीवास्तव ने किया तथा आभार प्रदर्शन कवि रमेश वाजपेयी ने किया।
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!