शिवपुरी। शहर के सिटी कोतवाली में पदस्थ आरक्षक अतुल दुबे के सूने घर पर बीती रात्रि चोरों ने धावा बोलकर शिवपुरी पुलिस को न्यू ईयर से पहले न्यू ईयर धमाका दिया है। वहां से नगदी व आभूषण समेट लिए। घटना के समय आरक्षक अपने पूरे परिवार के साथ ताऊ की मृत्यु के उपरांत आयोजित तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उ.प्र. के कालपी तहसील में स्थित ग्राम मटरा गए हुए थे।
पड़ौसी के जागने के बाद हल्ला मचने पर चोरों को चोरी करने का ज्यादा समय नहीं मिल सका। जिस कारण चोर वहां से कुछ सामान ही ले सके। पुलिस ने इस मामले को संज्ञान में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आरक्षक अतुल दुबे पुत्र महेश दुबे कल दोपहर शिवपुरी से लखनऊ के लिए पूरे परिवार के साथ न्यू दर्पण कॉलोनी में स्थित निवास स्थान पर ताला लगाकर चले गए थे। रात्रि करीब 11:30 बजे तक उनके पड़ौसी श्रीकृष्ण कुशवाह घूमते रहे जहां उनका घर सुरक्षित था। लेकिन रात्रि करीब 3 बजे जब वह जागे तो श्री दुबे के मकान की लार्ईटें जल रहीं थी और उसमें एक व्यक्ति कुछ करता हुआ देखा गया।
जिस पर श्री कुशवाह ने शोर मचा दिया। शोरगुल सुनकर घर में घुसा चोर भाग गया। आज सुबह जब श्री दुबे को चोरी की जानकारी पड़ौसियों के माध्यम से मिली तो उन्होंने तुरंत अपने रिश्तेदारों को घर पर पहुंचा दिया और पुलिस को भी सूचना दे दी। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची जहां पुलिस को उनके कमरे में रखी गोदरेज की अलमारी के लॉकर में एक सब्बल फंसा हुआ मिला। साथ ही अलमारी में रखे 15 हजार रूपए नगदी, सोने का मंगलसूत्र और चांदी की पायल व तोडिय़ां गायब थी।