शिवपुरी। जिले में कांग्रेस द्वारा चलाये जा रहे सदस्यता अभियान में का घोटाला आजकल सोशल मिडिया में सुर्खियों में है। बताया गया है कि कांग्रेसियो ने सदस्यता अभियान घर पर ही एसी में बैठ कर लिया और सदस्यता अभियान के रूपयों को लेकर सोशल मिडिया में जंग हो गई।
प्राप्त जानकारीके अनुसार जिले में कांग्रेस सदस्यता अभियान के प्रभारी हरवीर सिंह रघुवंशी हैं और उन्हें सहयोग श्री सिंधिया के कार्यालय का कार्यभार संभाल रहे अमिताभ सिंह हर्षी कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार जिले में कांग्रेस के सदस्यता अभियान को लक्ष्य प्राप्त करने हेतु कई बार बढ़ाया गया और प्रत्येक पोलिंग बूथ से 50 प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया।
इस तरह से यदि किसी ब्लॉक में यह लक्ष्य यदि 60 प्रतिशत भी पूर्ण हुआ तो सदस्यता अभियान पूर्ण माना गया। जिले में शिवपुरी, कोलारस, पोहरी, पिछोर और करैरा विधानसभा हैं जबकि कांग्रेस सदस्यता अभियान की दृष्टि से शिवपुरी शहर, शिवपुरी ग्रामीण, पोहरी, कोलारस, करैरा, बदरवास, पिछोर, खनियांधाना, नरवर सहित नौ ब्लॉक हैं। प्रत्येक ब्लॉक में 200 के लगभग पोलिंग बूथ हैं।
प्रत्येक विधानसभा से कांग्रेस ने साढ़े छह हजार के लगभग प्राथमिक सदस्य बनाये और प्रत्येक सदस्य से शुल्क के रूप में 5 रुपये लिये गये। इसके बाद प्रत्येक पोलिंग बूथ से एक सुपात्र सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया। बताया जाता है कि गुना संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत शिवपुरी, कोलारस और पिछोर विधानसभा क्षेत्र से लगभग 225 सुपात्र सदस्य बनाये गये और प्रत्येक सुपात्र सदस्य से 100 रुपये लेकर पार्टी फंड में जमा किये गये।
यहां तक तो लगभग ठीक रहा लेकिन इसके बाद प्रत्येक ब्लॉक से 2000 सुपात्र सदस्य बनाने का लक्ष्य पार्टी आलाकमान द्वारा सामने रख दिया गया। इस तरह से प्रत्येक ब्लॉक से दो लाख रुपया सुपात्र सदस्यता के नाम पर जमा किया जाना था।
इस मेहनत से बचने के लिए सदस्यता अभियान से जुड़े पार्टी के लोगों ने घर-घर जाकर भाजपा की तरह सदस्यता बढ़ाने के स्थान पर फर्जी ढंग से सदस्यता बढ़ाने का तानाबाना बुना और प्रत्येक ब्लॉक से दो लाख रुपये इकट्ठे करने के लिए पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से वसूली शुरू कर दी जिसका कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुखर विरोध किया जिससे यह पूरा मामला उजागर होकर सामने आ गया।
इसकी प्रतिक्रिया वाट्सएप पर भी देखने को मिली। सदस्यता अभियान से जुड़े एक वरिष्ठ नेता इतने व्यथित हुए कि उन्होंने अपनी पीड़ा खुलेआम व्यक्त कर दी। उनका रक्तचाप 220 तक पहुंच गया। उन्होंने साफ-साफ लिखा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता उन्हें सदस्यता अभियान में सहयोग नहीं कर रहे और इस तरह से व्यवहार कर रहे हैं मानो शिवपुरी जिले के सदस्यता अभियान के चंंदे से मुझे अपना घर चलाना है।