शिवपुरी। शिवपुरी जिले के उच्च शिक्षा हासिल कर रहे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के छात्रों को छात्रवृत्ति देने के लिए जो एमपी स्कॉलरशिप पोर्टल 2.0 बनाया गया है उस पर छात्र अपनी जानकारी फीड नहीं कर पा रहे हैं। छात्रवृत्ति का यह पोर्टल 31 दिसंबर से बंद है।
कॉलेजों में पढऩ़े वाले एससीए एसटी व ओबीसी वर्ग के छात्र पोर्टल बंद होने से अपनी छात्रवृत्ति आवंटन की संशोधित जानकारी फीड करने के लिए भटक रहे हैं। जानकारी संशोधित न होने से इनकी छात्रवृत्ति भी अटक गई है।
वर्ष 2014-15 के लिए जिले के ओबीसी वर्ग में 3189 छात्रों ने पोर्टल पर पंजीयन कराया था। जिसमें से 2690 छात्रों की छात्रवृत्ति स्वीकृत हुई है। जिन्हें 1 करोड़ 19 हजार रुपए की राशि स्वीकृत हुई। शेष 499 छात्रों की छात्रवृत्ति गलत जानकारी फीड के चक्कर में लटक गई है। इनके आवेदन अस्थायी रूप से अस्वीकृत कर दिए गए हैं। क्योंकि इनके फार्मों में कई कमियां थीं। अब यह छात्र इस कमी को दूर करना चाह रहे हैं लेकिन पोर्टल बंद है।
एससी वर्ग के 1990 छात्रों ने आवेदन किए इनमें से 1755 छात्रों के आवेदन मान्य हुए शेष 235 छात्रों के आवेदन में कमी पाई गई। इन्हें छात्रवृत्ति नहीं दी गई है। अब यह छात्र भी परेशान हैं। इसी तरह एसटी वर्ग के 125 छात्रों में से 114 आवेदन ही मान्य हुए शेष 11 छात्रों के आवेदन फार्म में पाई गई कमियों के कारण लंबित हैं। कमी मिलने पर अब पोर्टल बंद होने से यह छात्र अपने फार्म सही नहीं कर पा रहे।
इनके अलावा जिले में आठ डीएड कॉलेज हैं इनमें पढऩ़े वाले 600 से ज्यादा छात्रों को भी अभी तक छात्रवृत्ति नहीं मिल पाई है। पूर्व में डीएड का विषय कोड व मान्यता सूची पोर्टल पर अपलोड नहीं थी। जो 31 दिसंबर के बाद डाली गई तब तक इस विषय के छात्र पोर्टल पर फार्म नहीं भर पाए। अब इन छात्रों को भी छात्रवृत्ति को लेकर परेशान होना पड़ रहा है।


प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।