शिवपुरी। सरकारी फाइलों और मंचों से ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत देखकर लगता है मानो स्वास्थ्य विभाग खुद बीमार पड़ गया है। आलम यह है कि क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कहीं आलीशान भवन है तो स्टाफ नदारद, और कहीं डॉक्टरों के नाम पर सिर्फ खाली कुर्सियां मरीजों का मुंह चिढ़ा रही हैं। भौंती, मनपुरा और दिनारा-तीनों केंद्रों पर बदहाली का एक ही मंजर है, जिसका सीधा खामियाजा हजारों ग्रामीणों को अपनी जान जोखिम में डालकर और निजी अस्पतालों में जेब ढीली कर भुगतना पड़ रहा है।
6 महीने में ही हवा हुए वादे, 30 हजार की आबादी को सिर्फ इमारत का सहारा
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भौंती सरकारी दावों की पोल खोलने का सबसे बड़ा उदाहरण है। छह महीने पहले उद्घाटन के वक्त ग्रामीणों को भरोसा दिलाया गया था कि अब इलाज के लिए शहर नहीं भागना पड़ेगा, लेकिन हालात जस के तस हैं। 30 हजार की आबादी वाले इस क्षेत्र के लिए केंद्र पर महज एक डॉक्टर की पदस्थापना है। न तो प्राथमिक जांच के उपकरण हैं और न ही पैरामेडिकल स्टाफ। नर्स, वार्डबॉय और सफाई कर्मी तक के न होने से ग्रामीणों ने अब अस्पताल जाना ही छोड़ दिया है। लोगों का कहना है कि जब न जांच होनी है और न सही दवा मिलनी है, तो सिर्फ इमारत देखने जाने का क्या फायदा?
सबसे पुराना केंद्र डॉक्टर विहीन, 60 किमी दूर शिवपुरी जाना मजबूरी
विकासखंड के सबसे पुराने स्वास्थ्य केंद्र मनपुरा की हालत और भी बदतर है। करीब 50 हजार की आबादी को संभालने वाले इस केंद्र पर तीन डॉक्टर, स्त्री रोग विशेषज्ञ, पैरामेडिकल स्टाफ और जांच सुविधाओं के पद स्वीकृत हैं, लेकिन मौके पर एक भी डॉक्टर मौजूद नहीं है। ग्रामीणों ने जब आंदोलन कर विभाग की नींद तोड़ने की कोशिश की, तो आनन-फानन में कुछ स्टाफ भेजा गया, लेकिन आठ दिन बाद ही उन्हें वापस बुला लिया गया। नतीजतन, अब सड़क हादसे और पोस्टमार्टम जैसे गंभीर मामलों में भी मरीजों को 60 किलोमीटर दूर शिवपुरी ले जाना पड़ रहा है, जिससे कई बार मरीजों की जान पर बन आती है।
10 दिन से डॉक्टर की कुर्सी खाली, नर्स के भरोसे चल रहा इलाज
दिनारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी पिछले 10 दिनों से मरीज बिना डॉक्टर के ही लौट रहे हैं। डॉ. अरविंद अग्रवाल के निलंबन के बाद स्वास्थ्य विभाग आज तक किसी दूसरे डॉक्टर की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर सका है। बुखार, सर्दी-खांसी और दर्द से परेशान होकर रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण यहां पहुंचते हैं, लेकिन सही परामर्श और जांच के बिना उन्हें निराश लौटना पड़ता है। फिलहाल पूरा केंद्र नर्स और दवा वितरण करने वाले कर्मचारियों के भरोसे चल रहा है, जिससे गरीब और जरूरतमंद मरीज निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराने को मजबूर हैं।
जिम्मेदारों का रटा-रटाया जवाब
मनपुरा में डॉक्टर की व्यवस्था के लिए भौंती और खोड़ केंद्र से दो दिन के लिए निर्देश दिए गए हैं। पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को लेकर विभाग को मांग पत्र भेजा है, जल्द ही पदों की पूर्ति के प्रयास जारी हैं।"
डॉ. ब्रह्मतीर्थ चतुर्वेदी, बीएमओ, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
दिनारा स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की व्यवस्था के लिए उच्च अधिकारियों को मांग भेजी गई है। जैसे ही डॉक्टर उपलब्ध होगा, उन्हें तत्काल यहां पदस्थ कर दिया जाएगा।
प्रदीप शर्मा, बीएमओ, करैरा
.png)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।