शिवपुरी में बेटियों के दम पर महाराष्ट्र ने जीती ट्रॉफी, कस्तूरी संदीप बनीं बेस्ट एथलीट

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। पिछले एक पखवाड़े से खेल के रोमांच और युवा खिलाड़ियों के जोश से गूंज रहे 70वीं राष्ट्रीय बालक-बालिका एथलेटिक्स महाकुंभ का सोमवार को भव्य समापन हो गया। आखिरी दिन तक चले कांटे के मुकाबले में महाराष्ट्र ने अपनी बेटियों के शानदार प्रदर्शन के दम पर कुल 73 अंक जुटाकर ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। वहीं, बालक वर्ग में दबदबा बनाने वाला उत्तर प्रदेश महज एक अंक के मामूली अंतर (72 अंक) से खिताब से चूककर दूसरे स्थान पर रहा, जबकि 64 अंकों के साथ तमिलनाडु ने तीसरा पायदान हासिल किया।
प्रतियोगिता में महाराष्ट्र की कस्तूरी संदीप ने अपनी रफ्तार का लोहा मनवाते हुए बेस्ट एथलीट का खिताब जीता, हालांकि मेजबान मध्य प्रदेश का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और उसे 17वें स्थान से संतोष करना पड़ा।

पिछले एक पखवाड़े से चल रही इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के युवा खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। सोमवार को बालिका वर्ग के मुकाबलों के समापन के साथ ही अंतिम परिणाम घोषित किए गए। महाराष्ट्र ने बालक वर्ग में 15 और बालिका वर्ग में 58 अंक हासिल कर कुल 73 अंकों के साथ पहला स्थान पाया।

दूसरी तरफ, उत्तर प्रदेश ने बालक वर्ग में 62 अंक लेकर पहला स्थान जरूर हासिल किया था, लेकिन बालिका वर्ग में महज 10 अंक मिलने से वह कुल 72 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर खिसक गया। तमिलनाडु ने बालक वर्ग में 41 और बालिका वर्ग में 23 अंक जुटाकर कुल 64 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। हालांकि, मेजबान मध्य प्रदेश का प्रदर्शन निराशाजनक रहा; प्रदेश को बालिका वर्ग में एक भी अंक नहीं मिला और बालक वर्ग में मिले 5 अंकों के साथ टीम को ओवरऑल 17वें स्थान से संतोष करना पड़ा।

कस्तूरी बनीं बेस्ट एथलीट, 400 मीटर हर्डल्स में कृतिका ने जीता स्वर्ण
बालिका वर्ग में महाराष्ट्र की टीम ने 7 स्वर्ण, 4 रजत और 5 कांस्य सहित कुल 16 पदक जीतकर 58 अंकों के साथ पहला स्थान पाया। इस वर्ग में तमिलनाडु 7 पदकों के साथ दूसरे और केरल 6 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। महाराष्ट्र की कस्तूरी संदीप ने 100 मीटर हर्डल्स में 13.59 सेकंड का समय निकालकर 1071 अंक हासिल किए, जिसके लिए उन्हें बेस्ट एथलीट चुना गया।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन हुए मुकाबलों में 1500 मीटर दौड़ में कर्नाटक की लक्ष्मी ओवनावर, हैमर थ्रो में उत्तर प्रदेश की आकांक्षा सिंह और 400 मीटर रिले रेस में महाराष्ट्र की टीम ने पहला स्थान हासिल किया।

वहीं, अंडर-17 बालिका वर्ग की 400 मीटर बाधा दौड़ (हर्डल्स) में केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) की कृतिका शुभराम (केन्द्रीय विद्यालय गोल्डन रॉक, चेन्नई संभाग) ने 1 मिनट 03.18 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

कृतिका की इस जीत पर पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय आईटीबीपी शिवपुरी की प्राचार्य पुनीता ज्योति, कोच मंजू और टीम मैनेजर दिव्या ने खुशी जताते हुए इसे संगठन के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। केवीएस की एथलेटिक्स टीम का कोचिंग और प्रतिभागिता शिविर शिवपुरी में ही लगाया गया था।

अतिथियों ने बांटे पुरस्कार, 100 से अधिक समिति सदस्य भी हुए सम्मानित
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव और एडीएम दिनेशचंद्र शुक्ला ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव, जिला खेल अधिकारी केके खरे और क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।

आयोजन को सफल बनाने में आवास, परिवहन, मैदान, स्वास्थ्य और प्रचार-प्रसार जैसी व्यवस्थाओं को संभालने वाले 100 से अधिक समिति सदस्यों को भी मंच से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता का ध्वज उतारकर खेलों के विधिवत समापन की घोषणा की गई।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!