शिवपुरी। शिवपुरी एक बार फिर खेलों के रोमांच से गुलजार होने जा रहा है। शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के सफल आयोजन के बाद, अब शहर को राज्य स्तरीय क्रिकेट और नेटबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी का गौरव मिला है। शुक्रवार से श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर और सांदीपनी विद्यालय में 10 संभागों के 400 से ज्यादा होनहार खिलाड़ी खिताब के लिए पसीना बहाएंगे। खिलाड़ियों के स्वागत से लेकर उनके ठहरने तक के लिए 24 समितियां मुस्तैद कर दी गई हैं। आइए जानते हैं इस खेल महाकुंभ की पूरी रूपरेखा और भव्य तैयारियों का जायजा...
शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के सफल आयोजन के बाद अब शिवपुरी को दो और राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिली है। शुक्रवार से 10 संभागों के करीब 400 खिलाड़ी 17 वर्षीय बालिका क्रिकेट और 19 वर्षीय बालक-बालिका नेटबॉल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। क्रिकेट के मुकाबले श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर और नेटबॉल प्रतियोगिता सांदीपनी विद्यालय परिसर में होगी। खिलाड़ियों के साथ 100 से अधिक अधिकारी और ऑफिशियल्स भी आयोजन में शामिल होंगे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को सांदीपनी विद्यालय में जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव के निर्देशन में बैठक हुई। इसमें बीईओ मनोज निगम, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे और नेशनल कोच यादवेन्द्र सिंह चौधरी ने समिति सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपीं। अधिकारियों ने सभी से आपसी समन्वय के साथ आयोजन सफल बनाने और बाहर से आने वाले खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील की।
प्रचार-प्रसार समिति के नीरज सरैया के अनुसार, नेटबॉल में प्रत्येक टीम में 12 खिलाड़ी होंगे, जबकि क्रिकेट की 16 सदस्यीय टीम में से 11 खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे। सभी संभागों की टीमों को दो समूहों में बांटकर लीग मुकाबले कराए जाएंगे।
क्रिकेट के लिए दो मैदान तैयार किए गए हैं। लीग मैच 12 ओवर और फाइनल मुकाबले 15 ओवर के प्रस्तावित हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन शुक्रवार दोपहर 3 बजे सांदीपनी विद्यालय परिसर में होगा। इस दौरान खिलाड़ी मार्चपास्ट करेंगे। आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए यातायात, आवास, स्वास्थ्य, प्रचार-प्रसार, उद्घाटन-समापन, पुरस्कार वितरण, कार्यालयीन कार्य और मार्चपास्ट सहित करीब दो दर्जन समितियां बनाई गई हैं।
बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से खिलाड़ियों को लाने-ले जाने, बालक-बालिकाओं के ठहरने, चिकित्सा सुविधा और खेल मैदानों की व्यवस्था के लिए अलग-अलग अधिकारियों और शिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रतियोगिताओं के दौरान 100 से अधिक शिक्षक और अधिकारी विभिन्न दायित्व संभालेंगे।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।