शिवपुरी,दो बहनो की मानसिक परेशानी के कारण परिवार के 6 सदस्यो की बनी जलसमाधि,पढिए बडी खबर

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। शिवपुरी जिले में बुधवार को हुई दो दर्दनाक घटनाओं ने हर किसी को झकझोर दिया। पति की मौत के सदमे से जूझ रही आठ माह की गर्भवती महिला ने अपने छह साल के बेटे के साथ कुएं में छलांग लगा दी। इस घटना के कुछ घंटे बाद उसकी बड़ी बहन ने भी अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। दोनों घटनाओं में दो बहनों और चार बच्चों की मौत हो गई। छोटी बहन के गर्भ में पल रहे बच्चे की भी जान चली गई। कुल छह लोगों की मौत से दो परिवारों में मातम छा गया है।

छोटी बहन की मौत के कुछ घंटे बाद बड़ी बहन ने उठाया कदम
कोलारस थाना क्षेत्र के सेसई गांव निवासी सीता रावत (40) बुधवार को अपनी बेटी राखी (14), प्रियंका (11) और बेटे श्लोक (6) के साथ खोंकर गांव स्थित खेत पर गई थी। शाम करीब छह बजे तक जब वह बच्चों के साथ घर नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने तलाश शुरू की।

परिजन खेत पर पहुंचे तो कुएं के पास चप्पलें दिखाई दीं। कुएं में झांककर देखा तो एक बच्चे का शव नजर आया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कोलारस पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। बुधवार रात करीब 11 बजे तक सीता और उसके तीनों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाल लिए गए।

पति की मौत के बाद सदमे में थी छोटी बहन
इससे पहले बुधवार दोपहर करीब एक बजे बैराड़ थाना क्षेत्र के गूंगरगांव में सीता की छोटी बहन अंजलि रावत (35) ने अपने छह साल के बेटे प्रशांत के साथ कुएं में छलांग लगा दी थी। अंजलि आठ माह की गर्भवती थी। इस घटना में उसकी और बेटे प्रशांत की मौत हो गई।

बताया गया है कि अंजलि के पति धर्मवीर सिंह रावत की करीब डेढ़ महीने पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में बताई जा रही थी। घटना के दौरान अंजलि की तीन बेटियां भी उसके साथ थीं। बड़ी बेटी मोनिका ने अपनी और दोनों छोटी बहनों की जान बचा ली। बाद में उसने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।

दोनों बहनों के बीच था गहरा लगाव
सीता के जेठ हाकम सिंह के मुताबिक, दोनों बहनों के बीच गहरा लगाव था। वे अक्सर फोन पर बातचीत करती थीं। परिजनों ने सीता के इस कदम को छोटी बहन अंजलि की मौत से जुड़े सदमे से जोड़कर देखा है। हालांकि, सीता ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

अलग-अलग जांच कर रही पुलिस
बैराड़ थाना प्रभारी रवि चौहान के मुताबिक, अंजलि और उसके बेटे के शव शिवपुरी जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए थे। वहीं, कोलारस थाना प्रभारी जितेंद्र चंदेलिया ने बताया कि सीता और उसके तीनों बच्चों के शव बुधवार रात करीब 11 बजे तक कुएं से निकाल लिए गए थे। दोनों मामलों में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जानी थी। पुलिस दोनों घटनाओं की अलग-अलग जांच कर रही है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!