शिवपुरी। शहर के नवाब साहब रोड स्थित एक निजी हायर सेकेंडरी स्कूल के हॉस्टल में रैगिंग को लेकर
विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि हॉस्टल में रहने वाले एक सीनियर छात्र ने जूनियर छात्र को कमरे में बंद कर उसके साथ अभद्रता की और उसे निर्वस्त्र करने का प्रयास किया।
जूनियर छात्र के शोर मचाने के बाद स्कूल स्टाफ को घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंचे शिक्षक ने सीनियर छात्र को रोककर डांटा और अनुशासनात्मक कार्रवाई की। इसके बाद सीनियर छात्र के परिजनों की शिकायत पर शिक्षक के खिलाफ सिटी कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, करीब दो दिन पहले हॉस्टल में रहने वाले एक सीनियर छात्र ने कथित तौर पर रैगिंग के लिए जूनियर छात्र को कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ अभद्रता करते हुए निर्वस्त्र करने का प्रयास किया गया। जूनियर छात्र ने विरोध करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे तक दरवाजा नहीं खोले जाने से हॉस्टल में हंगामे की स्थिति बन गई।
छात्र की आवाज सुनकर ड्यूटी पर मौजूद एक महिला शिक्षक ने कमरे का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि सीनियर छात्र ने दरवाजा नहीं खोला। शोर बढ़ने पर स्कूल के शिक्षक गिरिश मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को समझने के बाद कमरे का दरवाजा खुलवाया और सीनियर छात्र को समझाने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि शिक्षक द्वारा डांटने और अनुशासन के लिए कार्रवाई करने पर सीनियर छात्र ने शिक्षक गिरिश मिश्रा के साथ भी अभद्रता की। शिक्षक पर आरोप है कि उन्होंने छात्र को प्लास्टिक के डंडे से मारा, जिसके निशान छात्र के पैरों पर बताए जा रहे हैं। इसी घटना को लेकर सीनियर छात्र के परिजनों ने सिटी कोतवाली पुलिस में शिकायत की।
दूसरी ओर, जूनियर छात्र के साथ रैगिंग और अभद्रता किए जाने के आरोपों को लेकर भी मामला सामने आया है। सीनियर छात्र ने मीडिया से बातचीत में निर्वस्त्र करने के प्रयास के आरोपों से संबंधित अपना पक्ष रखा है। जूनियर छात्र की ओर से भी घटना को लेकर अभद्रता किए जाने की बात सामने आई है।
फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस ने सीनियर छात्र के परिजनों की शिकायत पर शिक्षक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। वहीं, जूनियर छात्र के परिजन भी सिनियर स्टूडेंटस पर कार्रवाई और हॉस्टल में हुई कथित रैगिंग को लेकर सिटी कोतवाली पुलिस तथा बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) में शिकायत करने की तैयारी में बताए जा रहे हैं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।