शिवपरी,नरवर-सतनवाडा रोड पर अचानक से आया टाइगर,घबराहट मे फिसली बाइक,पढिए मामला

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। सतनवाडा-नरवर रोड पर बीती रात एक बाइक से जा रहे एक बाइक सवार अचानक से असतुलिंत होकर गिर गया जिससे वह घायल हो गया। बाइक सवार युवक का कहना था कि उसके सामने अचानक टाइगर आ गया जिससे वह घबरा गया और उसकी बाइक असंतुलित होकर फिसल गई जिससे वह घायल हो गया।
यह घटना टपकेश्वर मंदिर और एरावन गांव के बीच रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद राहगीरों ने घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया।

मणिखेड़ा डैम जाते समय सामने आया जंगली जानवर
जानकारी के मुताबिक नरवर तहसील के ग्राम चकरमपुर निवासी विकास कुशवाहा पुत्र करण सिंह कुशवाहा बाइक से नरवर से मणिखेड़ा डैम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सुनसान सड़क पर अचानक उनकी बाइक के सामने एक जंगली जानवर आ गया। विकास के मुताबिक उन्हें लगा कि सामने टाइगर है। रात के अंधेरे में अचानक जंगली जानवर को देखकर वह घबरा गए और बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सके। कुछ ही पलों में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और वह घायल हो गए।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम पहुंची
घटना की जानकारी भाजपा नेता बशर अली के माध्यम से सतनवाड़ा रेंज के रेंजर माधव सिंह सिकरवार को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास जांच की। टीम ने सड़क और आसपास के क्षेत्र में जंगली जानवर के पगमार्क तलाशे। मौके पर निशान तो मिले, लेकिन वन विभाग के अनुसार वे टाइगर के पगमार्क नहीं थे। इसके बाद टाइगर रिजर्व की टीम ने भी क्षेत्र का निरीक्षण किया। रेंजर माधव सिंह सिकरवार के मुताबिक घटनास्थल पर मिले निशानों से टाइगर की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया संभावना जताई जा रही है कि कोई अन्य जंगली जानवर सड़क पार कर रहा होगा, जिसे देखकर बाइक सवार घबरा गया।

टाइगर नहीं तो कौन था सड़क पर?
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि आखिर रात में बाइक सवार के सामने कौन सा जंगली जानवर आया था? वन विभाग को टाइगर के पगमार्क नहीं मिले हैं, लेकिन इलाके में वन्यजीवों की मौजूदगी आम है। नरवर-सतनवाड़ा मार्ग के आसपास तेंदुए की आवाजाही की सूचनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। कई बार राहगीरों ने सड़क के आसपास तेंदुआ देखे जाने की जानकारी वन विभाग को दी है। हालांकि, अब तक तेंदुए द्वारा राहगीरों पर हमला किए जाने की कोई सूचना सामने नहीं आई है। ऐसे में वन विभाग इस संभावना से भी इनकार नहीं कर रहा कि बाइक सवार के सामने तेंदुआ या कोई अन्य जंगली जानवर आया हो।

सिंध नदी किनारे ग्रामीण की मौत के बाद पहले से था वन्यजीवों का डर
इसी इलाके में सिंध नदी के किनारे करीब 50 वर्षीय सरवन आदिवासी का शव क्षत-विक्षत हालत में मिलने के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई थी। उस घटना के दौरान मादा टाइगर MT-6 की लोकेशन भी क्षेत्र में मिलने की बात सामने आई थी। पार्क टीम के अनुसार उसकी कॉलर आईडी एक्टिव मिली थी। हालांकि, मौजूदा बाइक हादसे को टाइगर से जोड़ने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग का कहना है कि घटनास्थल पर मिले निशान टाइगर के नहीं हैं और टीम क्षेत्र में दोबारा निरीक्षण करेगी।

कोर एरिया में आता है एरावन, इसलिए बनी रहती है वन्यजीवों की आवाजाही
एरावन गांव माधव टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में स्थित है। यही वजह है कि इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को रात के समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत रहती है। जंगल के बीच से गुजरने वाली सड़क पर अचानक वन्यजीव सामने आने की स्थिति में वाहन चालक घबरा सकते हैं।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!