शिवपुरी। शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा मे स्थित गोराटीला झरने के पानी मे नहाने के बाद 4 बच्चो की मौत के बाद प्रशासन ने पानी के सैंपल लिए है। वही इस झरने के पानी मे ना नहाने की अपील भी की है। वही इस घटना के बाद स्वास्थय विभाग ने मृतक बच्चो के परिजनो की स्वास्थय की जांच की है।
गोराटीला के झरने के पानी मे नहाने के बाद 4 बच्चो की रहस्मयी तरीके से हुई मौतो के मामले के प्रकाशन मे आने के बाद कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए और मंगलवार को ही पिकनिक मनाने गए सभी परिजनों के जांच के लिए सैंपल लिए गए। सीएमएचओ द्वारा चिकित्सकों की 2 टीम बनाकर 50 ब्लड सैंपल लिए गए हैं। तौकीर अहमद की 17 वर्षीय पुत्री ताशीन की जांच में समस्या पाए जाने पर अल्ट्रासाउंड कराकर इलाज कराया जा रहा है। चिकित्सकों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। इसके अलावा पानी की जांच के लिए भी सैंपल लिए गए है।
प्राप्त जानकारी अनुसार शिवपुरी शहर के वार्ड 9 हम्माल मोहल्ला निवासी श्री रजा मोहम्मद एवं फिजिकल थाना के सामने निवासरत श्री तनवीर के परिवार के 15 सदस्य गोराटीला झरने में पिकनिक मनाने गए थे। जहां उन्होंने स्नान किया और खाना खाया, जिसके बाद स्वास्थ्य बिगड़ने पर बच्चों की दुखद मृत्यु हो गई।
16 अगस्त से शुरू हुआ मौत का सिलसिला
पहली मौत - ताहिर खान, 14 साल:
सईसपुरा निवासी तनवीर खान का बड़ा बेटा ताहिर 16 अगस्त को दोस्तों के साथ गोरा टीला स्थित झरने पर नहाने और पार्टी करने गया था। दो दिन बाद 18 अगस्त को उसे बुखार आया। सेवानिवृत्त शिशु रोग विशेषज्ञ डा निसार खान ने दवा दी और जिला अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी। 20 अगस्त को बुखार लौटा, रात 9:30 बजे उल्टी-दस्त शुरू हुए। परिजन जिला अस्पताल ले गए, जहां 21 अगस्त की आधी रात उसकी मौत हो गई।
दूसरी मौत-अयाज, 19 साल
तनवीर की बहन तब्बसुम के बेटे अयाज पुत्र मोहम्मद राज निवासी हम्माल मोहल्ला की 20 अगस्त को तबीयत बिगड़ी। सुखदेव अस्पताल में 3 दिन इलाज चला, आराम न मिलने पर ग्वालियर रेफर किया गया। 21 अगस्त को ग्वालियर में ही उसकी मौत हो गई।
तीसरी और चौथी मौत-तारफ 11 साल और तासिफ 9 साल
26-27 अगस्त को तनवीर के दो छोटे बेटे तारूफ उर्फ पप्पू और तासिफ उर्फ चिंटू को बुखार आया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। 31 अगस्त को तारूफ को मेडिकल कालेज शिवपुरी रेफर किया गया, जहां उसी दिन उसकी मौत हो गई। उसी दिन तासिफ को भी रेफर किया गया, परिजनों ने उसे ग्वालियर भेजा। तासिफ के ताऊ भाई मियां ने बताया कि ग्वालियर में उसके मलेरिया, डेंगू, कोविड सहित सभी टेस्ट निगेटिव आए, फिर भी 31 अगस्त की रात को उपचार के दौरान उसकी भी जान चली गई।
एसडीम ने मौके पर किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देश पर कोलारस एसडीएम श्री शिवदयाल धाकड़ ने प्रशासनिक अमले, पटवारी, सरपंच और ग्रामवासियों के साथ सिद्ध बाबा बरसाती नाले से निकलने वाले झरने व गोरा टीला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग को गांव में सर्वे करने, ग्रामीणों की स्वास्थ्य निगरानी रखने और लक्षण दिखने पर तुरंत इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन की जनहित में अपील
जिला प्रशासन ने जांच रिपोर्ट आने तक ग्रामीणों से इस झरने के पानी में नहाने, पीने या इसे किसी भी घरेलू उपयोग में न लाने की अपील की है।
पीड़ित परिवारों को राहत राशि और संबल
जिला प्रशासन द्वारा पीड़ित परिजन को आर्थिक राहत पहुंचाई गई है। कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश पर अपर कलेक्टर श्री दिनेश चंद्र शुक्ला ने परिवार से मिलकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और रेडक्रॉस से पीड़ित परिवारों को प्रत्येक को 1.5 लाख की राहत राशि का चैक सौंपा।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।