पिछोर। पिछोर अनुविभाग के भौंती थाना क्षेत्र के बमेरा गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 30 वर्षीय युवक रवि पुत्र धनीराम केवट की लाश गांव की पहाड़ी पर मिली। युवक की मौत को लेकर परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस द्वारा हत्या का मामला दर्ज नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए परिजन सड़क पर उतर आए और शिवपुरी-पिछोर मार्ग पर जाम लगा दिया,इस मौत को लेकर परिजनो का कहना है कि पुरानी रंजिश को लेकर यह हत्या की गई है।
परिजनों का आरोप है कि रवि को गांव का ही रहने वाला बालकिशन लोधी शाम के समय अपने साथ बाइक पर बैठाकर ले गया था। इसके करीब एक घंटे बाद रवि घायल अवस्था में पहाड़ी पर पड़ा मिला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने शव को देखकर हत्या की आशंका जताई और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए।
बाइक पर बैठाकर ले गया था बालकिशन
परिजनों के मुताबिक रवि शाम के समय अपने घर पर ही मौजूद था। इसी दौरान गांव का रहने वाला बालकिशन लोधी उसे बुलाने के लिए घर आया। बताया जा रहा है कि बालकिशन रवि को अपनी बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद काफी देर तक रवि के घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
तलाश के दौरान परिजनों को सूचना मिली कि रवि गांव की पहाड़ी पर घायल हालत में पड़ा हुआ है। परिवार के लोग जब मौके पर पहुंचे तो रवि की मौत हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार उसके कमर के आसपास से खून निकल रहा था, जिसके चलते उन्हें मामला सामान्य मौत का नहीं बल्कि हत्या का लगा।
भाभी बोली- एक घंटे बाद मिली देवर की लाश
मृतक की भाभी खुश्बु केवट ने आरोप लगाया कि रवि को बालकिशन लोधी घर से बुलाकर ले गया था और इसके करीब एक घंटे बाद वह मृत हालत में मिला। उनका कहना है कि रवि और बालकिशन के बीच पहले से विवाद चल रहा था। खुश्बु के मुताबिक हमारा देवर शाम को घर पर था। गांव का ही बालकिशन लोधी उसे बुलाकर ले गया था। करीब एक घंटे बाद वह पहाड़ी पर मृत मिला। उसके कमर से खून निकल रहा था।
पुरानी रंजिश और धमकी का भी आरोप
परिजनों ने पुलिस को बताया कि बालकिशन लोधी और उनके परिवार के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते रवि की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। परिजनों का यह भी कहना है कि रवि के भाई की भी पहले मौत हुई थी,जिसमे रवि केवट ग्वाह था और उसे लगातर धमकी मिल रही थी। इसी पुराने विवाद को रवि की मौत से जोड़ते हुए परिवार ने हत्या की आशंका जताई है।
कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतरा परिवार
रवि की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। उनका आरोप है कि उन्होंने भौंती थाना पुलिस से हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने शिवपुरी-पिछोर रोड पर जाम लगा दिया।सड़क पर जाम लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत शुरू की। परिजन आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े रहे।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मृतक रवि के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।