Shivpuri News: 90 दिन भी नही चली सुमन और राजकुमार की शादी, अपहरण की स्क्रिप्ट फैक निकली

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

कोलारस। रन्नौद थाना क्षेत्र के डगपीपरी गांव में एक महिला के कथित अपहरण की शिकायत ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब पुलिस जांच में सामने आया कि महिला का अपहरण हुआ ही नहीं था। महिला खुद थाने पहुंची थी। उसने पति पर मारपीट करने और उसे व उसके बच्चे को खाना नहीं देने का आरोप लगाते हुए अपने परिजनों के पास जाने की इच्छा जताई थी।

मामला उस समय उलझ गया, जब महिला के देवर बबलू धाकड़ ने 22 सितंबर को कोलारस एसडीओपी के समक्ष शिकायत देकर आरोप लगाया कि पड़ोसियों ने उसकी भाभी सुमन देवी का जबरन अपहरण कर लिया है। उसने घर से एक लाख रुपए नकद और जेवर ले जाने का भी आरोप लगाया था। साथ ही अपने भाई राजकुमार के साथ भी अनहोनी की आशंका जताई थी।शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो कहानी कुछ और ही निकली।

महिला खुद पहुंची थी थाने
पुलिस जांच के मुताबिक सुमन देवी 21 सितंबर को स्वयं रन्नौद थाने पहुंची थी। उसने पुलिस को बताया कि उसका पति उसके और उसके बच्चे के साथ मारपीट करता है और उसे खाना भी नहीं देता। महिला ने कहा कि वह पति के साथ नहीं रहना चाहती और अपने परिजनों के पास जाना चाहती है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया, जहां उसकी काउंसलिंग की गई। काउंसलिंग के दौरान भी महिला ने पति के साथ वापस जाने से इनकार कर दिया।

तीन महीने पहले हुई थी दूसरी शादी
जांच में यह भी सामने आया कि बिहार की रहने वाली सुमन की राजकुमार से दूसरी शादी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी। महिला का पहले पति से आठ साल का बेटा भी है। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद की स्थिति बनने लगी। महिला के थाने पहुंचने के बाद जहां पुलिस घरेलू विवाद और महिला की सुरक्षा के पहलू से मामले को देख रही थी, वहीं दूसरी ओर परिवार की ओर से उसके अपहरण की शिकायत कर दी गई।

काउंसलिंग के बाद भी पति के साथ जाने से इनकार
वन स्टॉप सेंटर में महिला की कई बार काउंसलिंग की गई। पुलिस और काउंसलिंग टीम ने महिला से उसकी इच्छा और परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया। इसके बावजूद महिला ने पति के साथ वापस जाने से साफ इनकार कर दिया। महिला ने लिखित आवेदन देकर कहा कि वह बालिग है और अपने बारे में निर्णय लेने में सक्षम है। उसने यह भी स्पष्ट किया कि वह अब वन स्टॉप सेंटर में भी नहीं रहना चाहती।

अपहरण की कहानी पर पुलिस को क्यों हुआ शक
एक ओर परिवार की ओर से महिला के अपहरण और घर से नकदी-जेवर ले जाने की शिकायत की गई थी, जबकि दूसरी ओर महिला खुद पुलिस के सामने मौजूद थी और उसने अपनी मर्जी से घर छोड़ने की बात कही। यही विरोधाभास पुलिस जांच का अहम बिंदु बना। जांच के बाद पुलिस के सामने मामला अपहरण के बजाय घरेलू विवाद और महिला की वैवाहिक परिस्थितियों से जुड़ा हुआ सामने आया।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!