शिवपुरी। शिवपुरी समाचार डॉट कॉम की खबर का असर हुआ है। शिवपुरी समाचार डॉट कॉम ने बीते रोज कोलारस विधानसभा मे हुए लगभग डेढ करोड के राशन घोटाले का मामला प्रकाशित किया था। शिवपुरी समाचार डॉट कॉम ने कदम को क्लीन चिट,1 करोड का राशन चोरी,यह चोर तो नमूना है कलेक्टर साहब शीर्षक से खबर का प्रकाशन किया था। इस खबर को संज्ञान में लेते हुए शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा ने इस घोटाले की जांच के लिए 4 सदस्यीय समिति का गठन किया है।
ऐसे किया था तत्कालिन अधिकारी गौरव कदम ने घोटाला
कोलारस के पूर्व कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी गौरव कदम की भ्रष्ट कार्यप्रणाली ने पूरे कोलारस अनुभाग की सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पूरी तरह तबाह कर दिया है। गौरव कदम द्वारा किए गए 1 करोड़ से अधिक के राशन घोटाले का दंश आज पूरा प्रशासनिक अमला और कोलारस अनुभाग के गरीब हितग्राही झेल रहे हैं। गौरव कदम ने स्टॉक शून्य करने की आड़ में सेल्समैनों के साथ मिलकर गरीबों के हक का खाद्यान्न, चीनी और नमक खुलेआम खुर्द-बुर्द कर दिया। हैरानी की बात यह है कि 1 करोड़ से अधिक के घोटाले को अंजाम देने के बाद गौरव कदम अपना तबादला पिछोर कराकर चैन की बंसी बजा रहे हैं, जबकि पूरा प्रशासन उनके फैलारे को समेटने में दिन-रात एक किए हुए है।
ऑनलाइन पोर्टल में सेंधमारी कर ऐसे अंजाम दिया 1 करोड़ का राशन घोटाला
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के तहत पीओएस मशीन और भौतिक स्टॉक के मिलान के निर्देशों का पूर्व कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी गौरव कदम ने भ्रष्ट जरिया बना लिया। मार्च 2025 से नवंबर 2025 के बीच ऑनलाइन पोर्टल पर पहले अतिरिक्त आवंटन दिखाकर राशन का बैलेंस फर्जी तरीके से बढ़ाया गया। इसके बाद असल ओपनिंग बैलेंस से कई गुना अधिक राशन पोर्टल से गायब कर दिया गया। पीडीएस दुकानों के सेल्समैनों से मोटी रिश्वत लेकर दुकानों के वास्तविक स्टॉक से 27 से 85 क्विंटल तक अतिरिक्त खाद्यान्न कागजों में हटाकर बाजार में बेच दिया गया।
खबर के असर पर कलेक्टर ने की जांच समिमि गठित
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा द्वारा प्रकरण की गहन जांच हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शिवपुरी श्री आनंद सिंह राजावत की अध्यक्षता में 4 सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया है। गठित दल में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री जगदीप सिंह, जिला प्रबंधक, लोक सेवा प्रबंधन श्री रवि शर्मा, जिला आपूर्ति कार्यालय के सहायक ग्रेड-2 श्री विपिन जैन रहेंगे।
15 दिवस में रिपोर्ट एवं सुधार संबंधी सुझाव देने के निर्देश
कलेक्टर श्री वर्मा ने गठित जांच दल को निर्देशित किया है कि वे मामले के सभी तथ्यों की सूक्ष्म एवं तकनीकी जांच कर 15 दिवस की समयावधि में अपना स्पष्ट अभिमत सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही, जिले में पात्र हितग्राहियों को उचित मूल्य सामग्री समय पर एवं सुचारू रूप से उपलब्ध होती रहे, इस व्यवस्था को मजबूत बनाने के संबंध में भी जांच दल से प्रभावी सुझाव मांगे गए हैं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।