करैरा। मप्र के सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। इस घटना के बाद अब शिवपुरी जिले में भी पंचायत स्तर पर लोगों को जागरूक करने की पहल शुरू हो गई है। करैरा जनपद की सिरसौद पंचायत में सोमवार को सरपंच अतर सिंह लोधी ने मुनादी कराकर ग्रामीणों को कच्ची और संदिग्ध शराब से दूर रहने की अपील की।
सरपंच खुद ढपला वाले के साथ पंचायत के गांवों में पहुंचे और मुनादी के माध्यम से ग्रामीणों को शराब के खतरों के प्रति सचेत किया। इस दौरान सागर में सामने आई जहरीली शराब की घटना का जिक्र करते हुए ग्रामीणों से कहा गया कि थोड़े समय के नशे के लिए अपनी जिंदगी को खतरे में न डालें।
गांव की गलियों में गूंजा संदेश-'कच्ची शराब से रहें दूर
मुनादी के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि कच्ची या संदिग्ध शराब का सेवन जानलेवा साबित हो सकता है। इसलिए किसी भी कीमत पर ऐसी शराब का सेवन नहीं करना चाहिए। पंचायत की ओर से ग्रामीणों से यह भी अपील की गई कि यदि गांव में कोई व्यक्ति अवैध या संदिग्ध शराब बेचता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दी जाए।
पंचायत की यह पहल इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि गांवों में तैयार होने वाली कच्ची शराब की गुणवत्ता और उसमें इस्तेमाल होने वाले पदार्थों की कोई विश्वसनीयता नहीं होती। ऐसे में ग्रामीणों को इसके संभावित खतरों के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
सागर की घटना के बाद बढ़ी चिंता
दरअसल, 5 और 6 सितंबर को सागर जिले में जहरीली शराब पीने से 22 लोगों की मौत होने का दावा किया गया है, जबकि 112 लोगों के बीमार होने की बात सामने आई है। मृतकों में पिता-पुत्र के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।
सागर की इस घटना का असर अब आसपास के जिलों में भी दिखाई देने लगा है। इसी कड़ी में सिरसौद पंचायत ने अपने क्षेत्र के ग्रामीणों को पहले ही सचेत करने की पहल की है, ताकि लोग किसी भी संदिग्ध शराब के सेवन से बचें और अवैध शराब के कारोबार की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाएं।
सरपंच की अपील-'नशे से ज्यादा कीमती है जिंदगी'
सरपंच अतर सिंह लोधी की ओर से ग्रामीणों से अपील की गई कि नशे के लिए अपनी जिंदगी और परिवार की खुशियां दांव पर न लगाएं। पंचायत का कहना है कि जागरूकता ही ऐसे हादसों को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका है। सिरसौद पंचायत की मुनादी ने यह संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया कि कच्ची शराब से दूरी केवल व्यक्तिगत सुरक्षा नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज की सुरक्षा से जुड़ा विषय है।
संदिग्ध शराब की सूचना देने की अपील
पंचायत ने ग्रामीणों से कहा है कि यदि कहीं अवैध अथवा संदिग्ध शराब की बिक्री की जानकारी मिलती है तो खुद कार्रवाई करने के बजाय इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी जाए। इससे अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई हो सकेगी और संभावित हादसों को टाला जा सकेगा।
%20(8).webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।