पिछोर। शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम श्रीनगर में घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी होने के मामले में अब पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए गए हैं। ग्राम श्रीनगर निवासी दीपा लोधी पत्नी स्व. ऐरवान लोधी ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर चोरी के मामले में नामजद बताए गए संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई करने और चोरी गए जेवर बरामद कराने की मांग की है। महिला ने आवेदन में कुछ लोगों पर चोरी में शामिल होने का संदेह जताने के साथ-साथ उन्हें और परिवार को धमकाने के आरोप भी लगाए हैं।
20 जुलाई को घर से गायब हुए थे सोने-चांदी के जेवर
पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन के अनुसार,20 जुलाई 2026 को ग्राम श्रीनगर स्थित आवेदिका के घर से जेवरात चोरी हो गए थे। चोरी गए सामान में सोने की एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी कान के बाला, सोने का मंगलसूत्र, सोने का ओम, चांदी की कमर बेल्ट, चांदी का बिछुआ, बच्चों की तोड़िया और चांदी की तीन चुड़ियां सहित अन्य जेवर शामिल बताए गए हैं।
महिला का कहना है कि चोरी की घटना के बाद उसने पुलिस थाना पिछोर में शिकायत की थी, लेकिन उस समय एफआईआर दर्ज नहीं की गई। आवेदन के मुताबिक, बाद में लगातार आवेदन देने और पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने के बाद 12 अगस्त 2026 को पिछोर थाने में एफआईआर क्रमांक 0374 दर्ज की गई।
FIR में अज्ञात व्यक्ति, जबकि परिवार ने बताए थे नाम
आवेदन में महिला ने आरोप लगाया है कि परिवार की ओर से पुलिस को चोरी करने वाले लोगों के रूप में विक्रम लोधी पुत्र रतनी लोधी और वीरन लोधी पुत्र लखनलाल लोधी, निवासी ग्राम श्रीनगर, के नाम बताए गए थे। इसके बावजूद एफआईआर में इन नामों को दर्ज नहीं किया गया और मामला अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज किया गया। आवेदिका का आरोप है कि पुलिस को नाम बताए जाने के बाद भी संबंधित लोगों को थाने बुलाया गया, उनसे पूछताछ की गई और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। महिला का कहना है कि चोरी गए सोने-चांदी के जेवर भी अभी तक बरामद नहीं हो सके हैं।
थाने में रिपोर्ट की है, वापस ले लो, धमकी देने का आरोप
आवेदन में महिला ने एक और गंभीर आरोप लगाया है। उसके मुताबिक, आरोपी पक्ष में शामिल बताए जा रहे जितेंद्र लोधी पुत्र विक्रम लोधी, निवासी ग्राम श्रीनगर, कथित तौर पर उसके घर आया और धमकी दी कि थाने में जो रिपोर्ट की गई है उसे वापस ले लिया जाए तथा राजीनामा कर लिया जाए। महिला ने आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति ने धमकी देते हुए कहा कि जिस दिन उसके घर से चोरी हुई थी, उस दिन तो वह शिकायत कर चुकी है, लेकिन अब उसे और उसके परिवार के सदस्यों को जान से मार दिया जाएगा।
परिवार को चोरी में इन्हीं लोगों पर संदेह
आवेदन में महिला ने यह भी बताया है कि इससे पहले भी घर से सामान चोरी होने की घटनाएं हुई थीं, लेकिन उस समय कपड़े आदि चोरी होने के कारण उसने शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। अब जेवर चोरी होने के बाद परिवार को आशंका है कि पहले हुई चोरी की घटनाओं के पीछे भी इन्हीं लोगों का हाथ हो सकता है। महिला का कहना है कि चोरी की घटना के बाद से परिवार भय के माहौल में है। उसने पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता से जांच कराने, चोरी गए सोने-चांदी के जेवर बरामद कराने, धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
%20(6).webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।