शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस थाना सीामा की बूढाडोंगर गांव मे रहने वाली एक महिला ने शिवपुरी पुलिस अधीक्षक ने एक शिकायती आवेदन सौंपा है इस आवेदन के अनसुार महिला ने कोर्ट मे लिखापढी कर शादी की थी और अपने प्रेमी के लिवइन मे पत्नि की तरह रह रही थी,लेकिन बच्चा होने के बाद प्रेमी का रंग बदल गया और उसे घर से भगा दिया।
तीन साल पहले हुई थी शादी
कोलारस तहसील के बूलाडोंगर निवासी गीता गुर्जर ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि करीब तीन साल पहले उसकी शादी मुरैना जिले के कैलारस तहसील के ग्राम गुज्जा निवासी संजू उर्फ संदीप गुर्जर के साथ आपसी सहमति और लिखापढ़ी के आधार पर हुई थी। महिला के मुताबिक, शादी के बाद दोनों से एक पुत्र शिवम का जन्म हुआ, जिसकी उम्र वर्तमान में करीब सात माह है। पति संजू उर्फ संदीप वाहन चलाने का काम करता है।
किराये के मकान में रहने के दौरान प्रताड़ना का आरोप
महिला ने शिकायत में बताया कि पति उसे अपने साथ दतिया जिले के देहात थाना क्षेत्र के पास एक किराये के मकान में रखता था। आरोप है कि इसी दौरान पति का व्यवहार उसके प्रति लगातार खराब होता गया। गीता का कहना है कि पति आए दिन उसके साथ मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करता था। आरोप है कि उसे ठीक से खाना-पीना नहीं दिया जाता था और घर के खर्च के लिए पैसे भी नहीं दिए जाते थे। जब वह पति से इस बारे में बात करती या समझाने की कोशिश करती तो कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
12 जुलाई को बच्चे समेत घर से निकालने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, 12 जुलाई 2026 को विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। महिला का आरोप है कि पति ने उसके साथ मारपीट की और फिर उसे उसके सात माह के दूध पीते बच्चे शिवम के साथ घर से बाहर निकाल दिया। महिला का दावा है कि इस दौरान उसे धमकी दी गई कि यदि उसने इस मामले में कहीं रिपोर्ट या पुलिस कार्रवाई की तो उसे और उसके बच्चे को जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद महिला अपने मासूम बेटे को लेकर मायके बूलाडोंगर पहुंच गई और वहीं रहने लगी।
फोन पर भी कथित गाली-गलौज और धमकी
घर से निकाले जाने के बाद महिला और उसके परिवार ने पति से संपर्क करने की कोशिश की। शिकायत में गीता ने आरोप लगाया है कि जब उसके परिवार के सदस्य पति के मोबाइल नंबर पर फोन करते हैं तो वह कथित तौर पर गाली-गलौज करता है और जान से मारने की धमकी देता है।
महिला के अनुसार, पति कथित तौर पर यह भी कहता है कि वह उसे और उसके बच्चे को अपने साथ नहीं रख सकता तथा उसे जहां शिकायत करना है, कर ले। शिकायत में महिला ने पति पर कथित तौर पर यह कहने का भी आरोप लगाया है कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
पति दूसरी शादी की तैयारी कर रहा
महिला ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में एक और गंभीर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पति और उसके माता-पिता उसकी दूसरी शादी कराने का प्रयास कर रहे हैं। महिला को आशंका है कि पति और ससुराल पक्ष के लोग उसके और उसके बच्चे के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं। इसी आशंका के चलते उसने पुलिस से अपने और बेटे की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
हमें कुछ हुआ तो पति और ससुराल पक्ष जिम्मेदार
गीता ने अपने आवेदन में पुलिस से कहा है कि यदि उसके या उसके बच्चे के साथ किसी भी प्रकार की घटना या दुर्घटना होती है तो उसके लिए पति और ससुराल पक्ष के लोगों को जिम्मेदार माना जाए। महिला ने पुलिस अधीक्षक से पति और ससुराल पक्ष के लोगों को थाने बुलाकर मामले की जांच करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
बच्चे के दस्तावेजों में भी पति का नाम
शिकायत में महिला ने यह भी उल्लेख किया है कि उसके आधार कार्ड और उसके बेटे के जन्म प्रमाण पत्र में पति संजू गुर्जर का नाम दर्ज है। उसका कहना है कि वह अपने सात माह के बेटे के साथ वर्तमान में मायके में रह रही है और पति की कथित धमकियों के कारण भयभीत है। फिलहाल महिला ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने के साथ-साथ उसकी और उसके मासूम बेटे की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।