शिवपुरी। शिवपुरी शहर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर आज करैरा तहसील के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सिलानगर से एक ग्रामीण शिकायत लेकर पहुंचा,जहां उसका कहा हैं कि चुनावी रंजीश को लेकर मुझे परेशान करने और झूठी शिकायतें कर मेरा मकान तुड़वाने की साजिश की जा रही हैं, सांसद जी समाज का होने की धमकी भी मुझे दी जा रही हैं,जबकि आरोपी स्वयं अतिक्रमण के मकानों में रह रहे हैं पीड़ित ने शिवपुरी एसपी न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार निवासी ग्राम सिलानगर करैरा शिवपुरी के रहने वाले फूलसिंह कुशवाह पुत्र बद्रीप्रसाद कुशवाह ने बताया कि वह गांव की वर्षों पुरानी आबादी की भूमि पर निवास कर रहा है और कृषि व मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। पीड़ित का आरोप है कि ग्राम पंचायत सिलानगर की सरपंच गीता कुशवाह और उनके पति जिला उपाध्यक्ष सालिकराम कुशवाह उनसे पुरानी चुनावी रंजीश रखते हैं।
झूठी शिकायतों का जाल
पीड़ित का आरोप है कि सरपंच, उनके पति और उनके सहयोगी कोमल, नबल, सोनू, इमरत, करन, कल्याण और पूरन उसे गांव से बेदखल करने के लिए अमोला थाने और करैरा तहसील में अतिक्रमण की झूठी शिकायतें कर रहे हैं, जबकि गांव में कई अन्य लोग भी आबादी क्षेत्र में रह रहे हैं जिन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मारपीट और राजनीतिक धौंस
जब पीड़ित ने अतिक्रमण की झूठी शिकायतों का विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके और परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट की। आरोप है कि वे ग्वालियर सांसद भारत सिंह का नाम लेकर धौंस जमाते हैं कि सांसद हमारे समाज के बैठे हैं, हमारा कोई कुछ नहीं कर सकता।
पीड़ित फूलसिंह ने अपनी शिकायत में कहा है कि खुद आरोपियों ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर मकान बनाए हैं, जिसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
वीडियो साक्ष्य होने का दावा
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों से उन्हें जान-माल का खतरा बना हुआ है। वे राजनैतिक रसूख वाले व्यक्ति हैं और कभी भी कोई अप्रिय घटना घटित करा सकते हैं। पीड़ित ने एसपी को बताया है कि उसके पास घटना (मारपीट) के वीडियो साक्ष्य भी मौजूद हैं, जिन्हें वह बयान के समय प्रस्तुत करेगा। पीड़ित ग्रामीण ने पुलिस अधीक्षक से निवेदन किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और अमोला थाने व तहसील में की जा रही झूठी शिकायतों व एकतरफा कार्रवाई पर रोक लगाई जाए, ताकि उसका परिवार बेघर होने और झूठे मुकदमों से बच सके।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।