खनियाधाना। शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बामौरखुर्द गांव में कुएं में करंट के तार डालने का विरोध करने पर एक पड़ोसी ने महिला को कुएं में धकेल दिया। घटना के बाद महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जमीन और कुएं पर कब्जे का है विवाद
पीड़ित महिला के पति रामेश्वर अहिरवार ने बताया कि उर परियोजना के कारण उनकी पुश्तैनी जमीन डूब क्षेत्र में चली गई थी। इसके बाद, करीब दो साल पहले उन्होंने बामौरखुर्द गांव में नई जमीन खरीदी और अपने परिवार के साथ वहां रहने लगे। इसी जमीन पर बना कुआं उनके परिवार के लिए पानी का मुख्य स्रोत है।
रामेश्वर का सीधा आरोप है कि उनका पड़ोसी गोविंद कोली (परिहार) इस कुएं पर अवैध कब्जा करना चाहता है। उनका दावा है कि खौफ पैदा करने और कुएं पर कब्जा करने की नीयत से आरोपी इससे पहले भी कई बार कुएं में करंट के तार डाल चुका है।
विरोध करने पर दिया धक्का
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक घटना 21 अगस्त की है। रामेश्वर की पत्नी रामदेवी अहिरवार जब कुएं पर पानी भरने पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि कुएं में करंट के तार डाले गए हैं। रामदेवी ने जब इस कृत्य का कड़ा विरोध किया, तो पड़ोसी गोविंद से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि इसी बहस के दौरान गोविंद ने रामदेवी को सीधा कुएं में धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गया।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजन, बचाई जान
रामदेवी के कुएं में गिरते ही उनके पति रामेश्वर ने जोर-जोर से शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर रामेश्वर के चाचा अर्जुन और ग्यासी अहिरवार तुरंत मौके पर पहुंचे। परिजनों ने भारी मशक्कत के बाद महिला को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाला। परिजनों के मुताबिक, बाहर निकालते वक्त रामदेवी बेहोशी की हालत में थीं, जिसके बाद उन्हें तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना के बाद होश में आने पर रामदेवी अहिरवार ने खनियाधाना थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत के आधार पर आरोपी गोविंद परिहार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस अब घटना से जुड़े कुछ वीडियो और शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की बारीकी से जांच कर रही है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।