शिवपुरी। शिवपुरी जिले के करैरा अनुविभाग के दिनारा थाना सीमा मे निवास करने वाली एक परिवार ने दुल्हन के नाम पर गुजरात के मोरबी शहर के एक युवक के साथ धोखाधडी कर दी। इस मामले मे पुलिसिया रजिस्टर रंगा गया है,लेकिन एक हजार किलोमीटर दूर से बारात लेकर आया परिवार अब अपने लाखो रूपए और इज्जत गवाने के बाद थाने के चक्कर लगा रहा है और बिन दुल्हन के बारात वापिस हो रही है।
जानकारी के अनुसार गुजरात के मोरवी जिले के गोकुल नगर निवासी राकेश की मोबाइल फोन पर शिवपुरी जिले के दिनारा निवासी देवराज शर्मा से बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान देवराज ने राकेश को शादी कराने का भरोसा दिया। शादी की उम्मीद में राकेश 17 अगस्त को झांसी पहुंचा, जहां से देवराज उसे अपने साथ दिनारा ले आया। राकेश के अनुसार, दिनारा पहुंचने के बाद उसकी मुलाकात देवराज की पत्नी की बहन सलोनी से कराई गई। कथित तौर पर दोनों की मुलाकात के बाद शादी के लिए सहमति बनाई गई और मंदिर में दोनों का विवाह करा दिया गया। इस दौरान देवराज की पत्नी शिखा शर्मा, भाई शिवम शर्मा सहित अन्य लोग भी मौजूद बताए गए हैं।
शादी के नाम पर लिए 1.30 लाख रुपए
आरोप है कि शादी कराने के एवज में देवराज ने राकेश से 1 लाख 30 हजार रुपए लिए। राकेश का कहना है कि शादी होने के बाद उसे लगा कि अब वह अपनी नई जिंदगी की शुरुआत करने जा रहा है। लेकिन उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर बाद पूरी कहानी ही बदलने वाली है। शादी के बाद देवराज, शिखा और शिवम कथित तौर पर राकेश, उसकी बहन और दुल्हन को ट्रेन में बैठाने के लिए झांसी लेकर पहुंचे।
चित्रा चौराहे पर आया कहानी में ट्विस्ट
झांसी पहुंचने के बाद सभी लोग चित्रा चौराहे पर पहुंचे। यहीं पर कथित तौर पर आरोपियों ने दूल्हे और उसकी बहन को कुछ देर वहीं रुकने के लिए कहा। इसके बाद देवराज, शिखा, शिवम और दुल्हन सलोनी किसी बहाने से वहां से चले गए।
राकेश और उसकी बहन काफी देर तक उनके लौटने का इंतजार करते रहे। जब काफी समय बीत गया और न तो दुल्हन लौटी और न ही उसके साथ गए लोग, तो राकेश को पूरे मामले पर संदेह हुआ। इसके बाद उसे कथित ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी।
शादी के कुछ समय बाद ही दूल्हा अकेला
जिस युवक ने गुजरात से शिवपुरी तक सफर इसलिए किया था कि उसे जीवनसाथी मिल सके, वह शादी के कुछ समय बाद ही खुद को अकेला खड़ा पा रहा था। राकेश का आरोप है कि शादी के नाम पर उससे 1.30 लाख रुपए लिए गए और बाद में दुल्हन सहित पूरा समूह उसे झांसी में छोड़कर चला गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर देवराज शर्मा, उसकी पत्नी शिखा शर्मा, भाई शिवम शर्मा सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।