शिवपुरीं शिवपुरी जिले मे पिछले 24 घंटे मे सर्पदंश से 2 मौत होने की खबर मिल रही है। दो अलग-अलग घटनाओं में एक 10 वर्षीय बच्चे और 23 वर्षीय नवविवाहिता की मौत हो गई। पहली घटना में बच्चा घर में खटिया पर सो रहा था, तभी जहरीले सांप ने उसे डस लिया। वहीं दूसरी घटना में नहाते समय नवविवाहिता को सांप ने उंगली में डंस लिया। दोनों मामलों में परिजन इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद जान नहीं बच सकी।
खटिया पर सो रहा था मासूम, बिस्तर में दिखा काला नाग
शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के मनपुरा कस्बे में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे दिल दहला देने वाली घटना हुई। ग्राम मनपुरा निवासी कक्षा पांचवीं के छात्र मयंक परिहार (10) पुत्र अजय परिहार घर में खटिया पर सो रहा था। इसी दौरान जहरीले सांप ने उसे शरीर के अलग-अलग हिस्सों में तीन बार डंस लिया।
सर्पदंश के बाद मयंक की नींद खुल गई। उसने घबराते हुए अपनी मां को बताया कि उसे बिस्तर में किसी चीज ने काट लिया है। परिजनों ने जब खटिया की ओर देखा तो वहां काला कोबरा दिखाई दिया। सांप को देखते ही घर में हड़कंप मच गया और परिजन तत्काल बच्चे को लेकर अस्पताल की ओर दौड़े।
अस्पताल में नहीं मिला स्टाफ, जिला अस्पताल पहुंचे परिजन
परिजनों के अनुसार, मयंक को सबसे पहले मनपुरा के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उपचार के लिए कोई उपलब्ध नहीं मिला। इसके बाद परिजन उसे शिवपुरी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मयंक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। परिजन बच्चे के जीवित होने की उम्मीद नहीं छोड़ पा रहे थे और उसे लेकर ग्वालियर तक पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत बताया। इसके बाद परिवार को भारी मन से बच्चे को वापस लाना पड़ा।
नहाते समय उंगली में सांप ने डंसा, नवविवाहिता की मौत
सर्पदंश की दूसरी घटना सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम मेंहदावली की है। यहां 23 वर्षीय नवविवाहिता रौनक पत्नी सोनू परिहार की सांप के डंसने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे रौनक नहाने गई थी। इसी दौरान सांप ने उसके बाएं हाथ की बीच वाली उंगली में डंस लिया। सांप के डंसने के बाद परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज शिवपुरी लेकर पहुंचे। मेडिकल कॉलेज में रौनक का इलाज शुरू किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी मौत हो गई।
%20(1).webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।