Shivpuri News: नीलकंठ महादेव मंदिर से गायब हुआ शिवलिंग, भक्तो ने किया रेस्क्यू

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

खनियाधाना पिछोर । शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम सिनावल में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात आस्था पर हमला करने वाली दो बड़ी चोरी की वारदातों ने ग्रामीणों को झकझोर दिया। अज्ञात बदमाशों ने एक ही रात में दो मंदिरों को निशाना बनाया। सबसे चौंकाने वाली घटना नीलकंठ महादेव मंदिर में हुई, जहां से भगवान शिव का शिवलिंग और प्रतिमा गायब मिली। 

सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो गर्भगृह खाली देखकर उनके होश उड़ गए। पूरे गांव में खबर फैलते ही ग्रामीणों ने खुद तलाश शुरू की और कुछ ही देर बाद गांव के एक कुएं में शिवलिंग और प्रतिमा पड़ी मिली।

इस घटना के बाद छोटी सिनावल और बड़ी सिनावल के लोग बड़ी संख्या में मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। यह मंदिर दोनों गांवों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, इसलिए घटना से लोगों में गहरा रोष देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने केवल चोरी ही नहीं की, बल्कि धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचाई है।

ग्रामीणों की सूचना पर खनियाधाना पुलिस मौके पर पहुंची और कुएं से शिवलिंग व प्रतिमा को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बदमाश प्रतिमा को साथ ले जाना चाहते थे या किसी कारण वश उसे कुएं में फेंककर फरार हो गए।

इसी रात दूसरी वारदात शिव मंदिर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध टेकरी सरकार मंदिर में हुई। यहां बदमाशों ने मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मंदिर के पुजारी के अनुसार दानपात्र में लगभग 20 से 30 हजार रुपए रखे थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए।

एक ही रात में दो मंदिरों को निशाना बनाए जाने से पूरे क्षेत्र में नाराजगी और असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे अपराधियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होंगे।

खनियाधाना थाना प्रभारी केदार सिंह ने बताया कि दोनों चोरी के मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!