शिवपुरी, बहू बोली प्रताडना की हद, टॉयलेट जाने तक तडपा दिया, पेट्रोल लेकर पहुंची

vikas
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी।
जिले के पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर मंगलवार को उस समय गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब एक विवाहिता अपने पति के साथ पेट्रोल से भरी बोतल लेकर पुलिस अधीक्षक की जनसुनवाई में पहुंच गई। यदि महिला के आरोप सही हैं और उसकी शिकायतों पर फिजिकल थाना तथा महिला थाना समय रहते कार्रवाई करते, तो शायद हालात इतने नहीं बिगड़ते कि उसे आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी देकर न्याय की गुहार लगानी पड़ती।

मामला शहर के सईसपुरा क्षेत्र का है। महिला जैसे ही पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में पहुंची, उसके हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। महिला पुलिसकर्मियों ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए उसके हाथ से बोतल छीन ली और काफी देर तक समझाइश देकर उसे शांत कराया। इसके बाद उसकी शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की गई।

दहेज के ताने, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष लगातार कम दहेज लाने का ताना देता रहा। उस पर मायके से पैसे लाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। महिला का कहना है कि उसके एक लाख रुपये तथा सोने-चांदी के जेवर भी ससुराल वालों ने अपने कब्जे में रख लिए हैं और अब उन्हें लौटाने से इनकार कर रहे हैं।

प्रताड़ना की हद: कॉमन शौचालय पर भी लगा दिया ताला
महिला ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उसे और उसके पति को प्रताड़ित करने का नया तरीका निकाल लिया। परिवार ने उन्हें मकान से निकालने की कोशिश शुरू कर दी और यहां तक कि उनके उपयोग में आने वाले कॉमन शौचालय पर भी ताला जड़ दिया, जिससे उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। महिला का कहना है कि उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है।

पति की कमाई से बना मकान, अब बेदखल करने की कोशिश
महिला का कहना है कि जिस मकान में वह रह रही है, उसका निर्माण उसके पति और ससुर की कमाई से हुआ था, लेकिन रजिस्ट्री सास के नाम कराई गई। अब उसी मकान से उसे और उसके पति को बेदखल करने का प्रयास किया जा रहा है।

दो थानों में शिकायत, फिर भी एफआईआर नहीं होने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि 13 अप्रैल 2026 को उसके साथ मारपीट की गई थी। उसने पहले फिजिकल थाना और उसके बाद महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। महिला का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद जब कहीं सुनवाई नहीं हुई, तब मजबूर होकर वह पुलिस अधीक्षक की जनसुनवाई में पहुंची। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे और उसके पति को झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां भी दी जा रही हैं।

पति बोला- दो दिन से लगा रहे थे अधिकारियों के चक्कर
महिला के पति ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से पुलिस अधीक्षक कार्यालय के चक्कर लगा रहा था, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उसने दावा किया कि जिस मकान से उन्हें निकाला जा रहा है, उसके निर्माण में उसकी मेहनत और कमाई का पैसा लगा है। कार्रवाई नहीं होने से निराश होकर उसकी पत्नी पेट्रोल की बोतल लेकर जनसुनवाई में पहुंच गई।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!