करैरा। शिवपुरी जिले के करेरा क्षेत्र में जमीन विवाद का मामला एक बार फिर प्रशासन की चौखट तक पहुंच गया है। ग्राम टोडा करेरा निवासी कप्तान सिंह यादव ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर आरोप लगाया है कि उनकी कृषि भूमि पर दबंगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। कब्जे का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर कब्जा हटवाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कप्तान सिंह यादव ने अपने आवेदन में बताया कि उनकी सर्वे क्रमांक 1304 रकबा 0.66 हेक्टेयर एवं सर्वे क्रमांक 1284/02 रकबा 0.44 हेक्टेयर भूमि पर गांव के ही जगदीश यादव और भगवत सिंह यादव द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। उनका आरोप है कि लंबे समय से कब्जा हटाने की मांग के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने अपनी जमीन वापस लेने का प्रयास किया तो सुरेश, आकाश और अभिषेक ने उन्हें और उनके साथी अजय यादव को मंदिर जाते समय रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर मारपीट की, गाली-गलौज की और भविष्य में विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
कप्तान सिंह यादव ने बताया कि इस पूरे मामले में करेरा थाने में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो जमीन से कब्जा हटाया गया है और न ही आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हुई है। उनका कहना है कि उनके पास भूमि संबंधी सभी वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध हैं, जिन्हें उन्होंने आवेदन के साथ प्रशासन को सौंप दिया है।
पीड़ित ने कलेक्टर से मांग की है कि उनकी जमीन को तत्काल कब्जामुक्त कराया जाए, मारपीट और धमकी देने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।