शिवपुरी। जिले में शनिवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक ओर खेत पर सिंचाई की तैयारी के दौरान बोरवेल का स्टार्टर लगाते समय किसान करंट की चपेट में आ गया, जबकि दूसरी ओर दो दिन पहले जहरीला पदार्थ खाने वाले युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
खेत पर काम करते समय किसान की करंट लगने से मौत
पहली घटना सुरवाया थाना क्षेत्र के धुआनी गांव की है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी 45 वर्षीय दिनेश धाकड़ शुक्रवार को अपने खेत पर बोरवेल का स्टार्टर लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली प्रवाहित होने से वे तेज करंट की चपेट में आ गए।
घटना के बाद खेत पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें करंट से अलग किया और परिजनों की मदद से गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती चली गई और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
जहरीला पदार्थ खाने वाले युवक ने तोड़ा दम
दूसरी घटना तेंदुआ थाना क्षेत्र के भैंसदा गांव की है। यहां 28 वर्षीय मुनेश धाकड़ ने दो दिन पहले अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया था। जहरीले पदार्थ का सेवन करने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिस पर परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराकर इलाज कराने लगे।
डॉक्टरों ने युवक को बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन शुक्रवार रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाने के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे शव
शनिवार को पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। सुरवाया और तेंदुआ थाना पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। करंट लगने की घटना में विद्युत सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों की भी पड़ताल होगी, जबकि जहरीला पदार्थ खाने के मामले में युवक के इस कदम के पीछे की वजह जानने के लिए परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।