शिवपुरी। अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) शिवपुरी द्वारा 20 जुलाई 2026, सोमवार को शहर में श्री श्री जगन्नाथ दिव्य रथ यात्रा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। लगातार दूसरे वर्ष आयोजित हो रहे इस भव्य धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस्कॉन शिवपुरी ने शहरवासियों से परिवार सहित रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने और रथ खींचने के पुण्य अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
इस्कॉन शिवपुरी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार रथ यात्रा का शुभारंभ दोपहर 3 बजे वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और हरिनाम संकीर्तन के साथ होगा। भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा महारानी की भव्य झांकी सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए भगवान के रथ को खींचेंगे।
इन मार्गों से निकलेगी रथ यात्रा
रथ यात्रा तात्या टोपे पार्क से प्रारंभ होकर गुरुद्वारा चौराहा, माधव चौक, कोर्ट रोड, अस्पताल चौराहा, एम.एम. हॉस्पिटल, पोहरी चौराहा होते हुए इस्कॉन मंदिर पहुंचेगी, जहां महाआरती के साथ यात्रा का समापन होगा।
सभी श्रद्धालुओं के लिए रहेगा महाप्रसाद
आयोजकों ने बताया कि रथ यात्रा के समापन के बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क स्वादिष्ट महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में भक्तों को महाप्रसाद वितरण किया जाएगा।
सेवा और सहयोग का भी मिलेगा अवसर
इस्कॉन शिवपुरी ने श्रद्धालुओं से रथ यात्रा को सफल बनाने के लिए विभिन्न सेवा कार्यों में सहयोग की अपील की है। इच्छुक श्रद्धालु रथ सेवा, पुष्प सज्जा, महाआरती, भोग, महाप्रसाद वितरण, साउंड व्यवस्था, वस्त्र सेवा सहित अन्य धार्मिक सेवाओं में अपनी श्रद्धानुसार सहयोग कर सकते हैं।
रथ यात्रा का विशेष महत्व
इस्कॉन के अनुसार शास्त्रों में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा का विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक भगवान के दर्शन और रथ को खींचने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है तथा भक्तों के जीवन में सुख, शांति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।
आयोजकों ने शिवपुरी सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस दिव्य आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। आयोजन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इस्कॉन शिवपुरी द्वारा जारी संपर्क नंबरों पर भी संपर्क किया जा सकता है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।