शिवपुरी। शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के खनियाधाना थाना सीमा मे बीते 17 जून को हूए गुड़र गांव के अग्निकाण्ड में पांचवे इंसान की अंतिम आहूति भी लग गई,विस्फोट के बाद हुई इस भीषण आगजनी मे एक एककर पांच मौते हो चुकी है। इस विस्फोट ने एक पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। पहले पति की मौत हुई, फिर दो मासूम बच्चों ने दम तोड़ दिया, उसके बाद पड़ोसी का एक बच्चा भी जिंदगी की जंग हार गया। अब हादसे के 27 दिन बाद गंभीर रूप से झुलसी रोशनी परिहार ने भी इलाज के दौरान अंतिम सांस ले ली। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में घायल सभी पांच लोगों की मौत हो चुकी है।
एक धमाका... और पलभर में उजड़ गया परिवार
17 जून की सुबह गुड़र गांव में प्राण सिंह परिहार के घर रोज की तरह खाना बनाया जा रहा था। तभी अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना भीषण था कि मकान की छत उड़ गई, दीवारें भरभराकर गिर गईं और पूरे घर में आग फैल गई। देखते ही देखते घर मलबे में तब्दील हो गया और उसमें मौजूद लोग आग की लपटों में घिर गए।
मासूम बेटी की मौके पर मौत
विस्फोट के बाद सबसे पहले चार वर्षीय जहान्वी की मौके पर ही मौत हो गई। गांव में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे के अगले ही दिन 18 जून को इलाज के दौरान पड़ोसी अंकेश (11) पुत्र शिशुपाल आदिवासी ने दम तोड़ दिया। उसी दिन शाम को परिवार के मुखिया प्राण सिंह परिहार (30) की भी मौत हो गई। परिवार की उम्मीद तब भी दो वर्षीय *शिवा पर टिकी थी, लेकिन गंभीर रूप से झुलसा मासूम भी 23 जून को जिंदगी की जंग हार गया।
इसके बाद परिवार की आखिरी सदस्य रोशनी परिहार ग्वालियर में इलाज करा रही थी। डॉक्टरों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन 27 दिन तक संघर्ष करने के बाद 13 जुलाई को उसने भी दम तोड़ दिया। अगले दिन 14 जुलाई को गांव में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
पूरा गांव गमगीन
एक ही हादसे में एक परिवार के सभी सदस्यों की मौत ने पूरे गुड़र गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस घर में कुछ दिन पहले तक बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है। गांव के लोग आज भी उस भयावह धमाके को याद कर सिहर उठते हैं।
एफएसएल रिपोर्ट के बाद खुलेगा विस्फोट का राज
खनियांधाना थाना प्रभारी केदार सिंह यादव ने बताया कि विस्फोट के कारणों की जांच एफएसएल टीम कर रही है। मौके से जुटाए गए साक्ष्यों को सागर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर इतना भीषण विस्फोट किस वजह से हुआ। इस दर्दनाक घटना ने न केवल एक परिवार को समाप्त कर दिया, बल्कि यह सवाल भी छोड़ दिया है कि आखिर वह कौन-सी वजह थी जिसने कुछ ही सेकंड में पांच जिंदगियों को निगल लिया। अब सभी की नजर एफएसएल रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे इस रहस्यमयी विस्फोट की असली वजह सामने आ सके।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।