शिवपुरी किसान की तहसीलदार से बहस, टावर पर चढ गया, साहब बोले जान से मारने की धमकी

vikas
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी।
जिले की नरवर तहसील में गुरुवार को जमीन के बंटवारे के विवाद को लेकर जमकर हंगामा हुआ। तहसीलदार से कहासुनी के बाद एक ग्रामीण तहसील परिसर में लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और काफी देर तक नीचे उतरने से इनकार करता रहा। इधर सूचना मिलते ही उसकी मां भी तहसील पहुंच गई और बेटे को बचाने की गुहार लगाते हुए कार्यालय में रखे तख्त पर सिर पटकने लगी। वहीं ग्रामीण के भाई की पुलिस से भी तीखी बहस हो गई। करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद प्रशासन और पुलिस की समझाइश पर युवक टॉवर से नीचे उतरा।

जानकारी के मुताबिक नरवर के ग्राम नरउआ निवासी कृष्णा रावत ने पहले अपनी जमीन का एक हिस्सा बेच दिया था। खरीददार ने जमीन के बंटवारे के लिए आवेदन लगाया था और प्रक्रिया अंतिम चरण में थी। इसी बीच कृष्णा रावत का मन बदल गया और उसने जमीन पर कब्जा बनाए रखा। इसी मामले को लेकर उसने तहसील में शिकायत भी दर्ज कराई थी।

गुरुवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कृष्णा रावत अपनी शिकायत के संबंध में तहसील कार्यालय पहुंचा। यहां उसकी तहसीलदार विजय कुमार त्यागी से बहस हो गई। इसके बाद वह सीधे तहसील परिसर में लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और नीचे से अधिकारियों से कहने लगा कि यह जमीन उसके पिता की मेहनत की कमाई है, इसलिए वह अपनी जमीन साथ लेकर ही जाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान कृष्णा की मां भी तहसील पहुंची और भावुक होकर कार्यालय में रखे तख्त पर सिर पटकने लगी। वहीं कृष्णा के भाई की नरवर थाना प्रभारी विनय यादव से भी बहस हो गई, जिससे कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

करीब एक घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद अधिकारियों ने युवक को उचित कार्रवाई और उसकी शिकायत पर नियमानुसार सुनवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद वह टॉवर से नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ।

तहसीलदार बोले- जान से मारने की धमकी दी थी
नरवर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने बताया कि कृष्णा रावत अपने मामले को लेकर कार्यालय आया था। बातचीत के दौरान उसने बात नहीं माने जाने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और खुद जेल जाने जैसी बातें भी कहीं। तहसीलदार के अनुसार कार्रवाई की आशंका के चलते वह बाद में मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। पुलिस और प्रशासन ने समझाइश देकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!