शिवपुरी मे बकरी को निगलने की तैयारी कर रहा था मिस्टर अजगर,पकडे गए

vikas
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी।
नरवर क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेत में बंधी एक बकरी के पास करीब 8 फीट लंबा विशाल अजगर पहुंच गया। बकरी की लगातार मिमियाने की आवाज सुनकर मालिक जब खेत पहुंचा तो सामने का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। विशालकाय अजगर शिकार की फिराक में बकरी के बेहद करीब पहुंच चुका था। समय रहते सूचना मिलने पर सर्प मित्र मौके पर पहुंचे और सूझबूझ से रेस्क्यू कर बड़ा हादसा टाल दिया।

जानकारी के अनुसार, घटना नरवर के 14 महादेव मंदिर के पीछे स्थित खेत की है। खेत में बंधी बकरी अचानक तेज आवाज में मिमियाने लगी। उसकी आवाज सुनकर मालिक मौके पर पहुंचा तो देखा कि एक विशाल अजगर बकरी की ओर बढ़ रहा है। यह दृश्य देखते ही उसने बिना देर किए नरवर के सर्प मित्र सलमान पठान को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सलमान पठान आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहले आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया और फिर बेहद सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कुछ ही देर की मशक्कत के बाद उन्होंने करीब 8 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया।

रेस्क्यू की खबर पूरे इलाके में फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हर कोई इतने बड़े अजगर को देखने के लिए उत्सुक नजर आया। हालांकि सर्प मित्र ने लोगों को बार-बार दूरी बनाए रखने और किसी भी तरह की लापरवाही न करने की सलाह दी।

रेस्क्यू के बाद सलमान पठान ने ग्रामीणों को वन्यजीवों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि अजगर जहरीला नहीं होता, लेकिन अपने मजबूत शरीर और पकड़ के कारण बड़े जानवरों को भी जकड़ सकता है। यदि कोई व्यक्ति उसके बेहद करीब पहुंच जाए या उसे छेड़ने की कोशिश करे तो गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि गांव, खेत या घर के आसपास सांप या अजगर दिखाई दे तो घबराने या उसे मारने की कोशिश न करें। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प मित्र को दें, ताकि सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया जा सके।

रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद अजगर को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने सर्प मित्र सलमान पठान की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए कहा कि समय पर रेस्क्यू नहीं होता तो बकरी के साथ-साथ आसपास मौजूद लोगों के लिए भी खतरा बढ़ सकता था।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!