Shivpuri में 3 शिक्षक सस्पैंड, एक को नोटिस, अपार आईडी में भारी लापरवाही

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar
शिवपुरी।
जिले के सरकारी स्कूलों में चल रहे अपार आईडी अभियान के दौरान सामने आई गंभीर लापरवाहियों ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। निरीक्षण में कहीं अपार आईडी बनाने का कार्य पूरी तरह शून्य मिला, तो कहीं स्कूलों में साफ-सफाई और नामांकन की स्थिति बेहद खराब पाई गई। 

इतना ही नहीं, एक शिक्षक पर अपनी पत्नी के खाते में 69 हजार 78 रुपए का कपटपूर्ण भुगतान कराने का मामला भी सामने आया। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी आकाश यादव ने गुरुवार को तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया, जबकि एक शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जानकारी के अनुसार, जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) दफेदार सिंह सिकरवार द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक विद्यालय जमौनिया में नामांकन, अपार आईडी निर्माण और विद्यालय की साफ-सफाई में गंभीर कमियां मिलीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर यहां पदस्थ शिक्षक रवि कुमार चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

इसी तरह शासकीय प्राथमिक विद्यालय अलापुरा में भी अपार आईडी बनाने का कार्य पूरी तरह शून्य पाया गया। विद्यालय में व्यवस्थाएं भी संतोषजनक नहीं मिलने पर शिक्षक सुरेश मांझी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।

वहीं करैरा विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय कुर्सेल में पदस्थ शिक्षक शैलेंद्र भार्गव पर अपनी पत्नी के खाते में 69,078 रुपए का कपटपूर्ण भुगतान कराने के आरोप की पुष्टि होने पर उन्हें भी निलंबित कर दिया गया। इस कार्रवाई ने शिक्षा विभाग में वित्तीय पारदर्शिता को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

उधर कोलारस एसडीएम के निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक विद्यालय कूड़ा में केवल एक छात्र उपस्थित मिला। इस स्थिति को गंभीर मानते हुए शिक्षक वीरेंद्र सिंह यादव को तीन दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी आकाश यादव ने स्पष्ट किया है कि सरकारी स्कूलों में लापरवाही, शैक्षणिक कार्यों में उदासीनता, शासन की योजनाओं की अनदेखी और वित्तीय अनियमितताओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निरीक्षण का सिलसिला लगातार जारी रहेगा और जहां भी गड़बड़ी मिलेगी, वहां जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अपार आईडी अभियान में हुई इस कार्रवाई के बाद जिले के शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।अब अन्य स्कूलों में भी अपार आईडी, नामांकन, उपस्थिति और विद्यालयी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज होने की संभावना है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!